अस्मिता खेलो इंडिया: शाहपुरा की धमाकेदार जीत, फाइनल में एंट्री
By Shubh Bhaskar ·
29 Mar 2026 ·
13 views
अस्मिता खेलो इंडिया: शाहपुरा की धमाकेदार जीत, फाइनल में एंट्री
शाहपुरा-राजेन्द्र खटीक।
शाहपुरा-अस्मिता खेलो इंडिया जिला स्तरीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता में रविवार को खेले गए सेमीफाइनल मुकाबलों ने खेल प्रेमियों को रोमांच से सराबोर कर दिया। दर्शकों की जोरदार मौजूदगी और खिलाड़ियों के जोश ने पूरे माहौल को उत्साह से भर दिया।
पहले सेमीफाइनल में यंग स्पोर्ट्स क्लब शाहपुरा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गांधी स्पोर्ट्स क्लब गुलाबपुरा को एकतरफा मुकाबले में सीधे सेटों में 3-0 से हराकर फाइनल में जगह बना ली। शाहपुरा की टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया और विपक्षी टीम को वापसी का कोई मौका नहीं दिया।
वहीं दूसरे सेमीफाइनल में ठाकुर बाबा अकादमी शाहपुरा और स्वस्तिक क्लब शाहपुरा के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। दोनों टीमों ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया, लेकिन अंततः ठाकुर बाबा अकादमी शाहपुरा ने जीत दर्ज करते हुए फाइनल में प्रवेश कर लिया।
प्रतियोगिता संयोजक एवं जिला वॉलीबॉल संघ सचिव, कांग्रेस जिलाध्यक्ष शिवराम खटीक ने बताया कि फाइनल मुकाबला आज शाम को खेला जाएगा। इसके पश्चात भव्य समापन समारोह आयोजित होगा, जिसमें अंतर्राष्ट्रीय वॉलीबॉल खिलाड़ी ज्ञान मल खटीक, RSWM के पंकज खंडेलवाल, वैभव जोशी, जिला वॉलीबॉल संघ अध्यक्ष लक्ष्मी लाल सोनी, उद्योगपति संजय पेड़ीवाल, कोषाध्यक्ष रमेश खोईवाल, इंजीनियर गीता चौधरी एवं चैनसुख समदानी द्वारा विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाएगा।
इस सफल आयोजन में निर्णायक के रूप में प्रकाश जाट, रामलाल लोहार, नरेश पाल धाभाई, राजेश खटीक एवं लखन खोईवाल का योगदान भी अत्यंत सराहनीय रहा।
अब सभी की निगाहें फाइनल मुकाबले पर टिकी हैं, जहां खिताब के लिए जबरदस्त भिड़ंत देखने को मिलेगी। खेल प्रेमियों में इसे लेकर खासा उत्साह बना हुआ है।