खातौली पुलिस का 'मिशन क्लीन': सरहद पार से आकर सेंध लगाने वाला अंतरराज्यीय नकबजन दबोचा MP से आता था चोरी करने: लोहे के सरिये से चंद सेकंड में चटकाता था ताले
By Shubh Bhaskar ·
28 Feb 2026 ·
13 views
दैनिक शुभ भास्कर
संवाददाता सुरेश कुमार पटेरिया
खातौली पुलिस का 'मिशन क्लीन': सरहद पार से आकर सेंध लगाने वाला अंतरराज्यीय नकबजन दबोचा MP से आता था चोरी करने: लोहे के सरिये से चंद सेकंड में चटकाता था ताले।
खातौली पुलिस ने सीमा पर बिछाया जाल, शातिर आरोपी साबिर अली सलाखों के पीछे।
कड़ी पूछताछ में उगला
नगदी और वारदात के औजार बरामद।
कोटा ग्रामीण खातौली
सीमावर्ती इलाकों में दहशत का पर्याय बने अंतरराज्यीय चोर गिरोह के खिलाफ कोटा ग्रामीण पुलिस ने एक बड़ी जीत हासिल की है। खातौली थाना पुलिस ने तकनीकी सूझबूझ और सटीक रणनीति से मध्य प्रदेश के एक ऐसे शातिर नकबजन को गिरफ्तार किया है, जो राजस्थान की सीमा में घुसकर वारदातों को अंजाम देता था। पकड़े गए आरोपी के पास से पुलिस ने चोरी की रकम और वारदात में इस्तेमाल हथियार बरामद किए हैं।
ऐसे चढ़ा पुलिस के हत्थे
पुलिस अधीक्षक सुजीत शंकर के निर्देश पर जिले में अपराधियों के खिलाफ 'जीरो टॉलरेंस' नीति अपनाई जा रही है। खातौली कस्बे में हुई नकबजनी की वारदात के बाद थानाधिकारी देशराज पुनि के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद श्योपुर (MP) निवासी साबिर अली (27) को चिन्हित किया और उसे मध्य प्रदेश की सीमा के पास से एक फिल्मी स्टाइल में घेराबंदी कर दबोच लिया।
रिमांड में कबूला जुर्म, बरामद हुई नगदी
कोर्ट से मिली दो दिन की रिमांड के दौरान पुलिसिया पूछताछ में आरोपी टूट गया। उसने स्वीकार किया कि वह सुनसान घरों को निशाना बनाता था और अपने पास मौजूद लोहे के सरिये से पलक झपकते ही ताले तोड़ देता था। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर 21,400 रुपये नगद और वारदात में प्रयुक्त सरिया जब्त कर लिया है।
पुराना 'नशेड़ी' और हिस्ट्रीशीटर है आरोपी
आरोपी का बैकग्राउंड खंगालने पर चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। साबिर अली पर श्योपुर देहात थाने में NDPS एक्ट के तहत पहले से ही गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। वह नशे की लत को पूरा करने के लिए चोरी की राह पर चल पड़ा। पुलिस अब यह पता लगा रही है कि इस शातिर चोर के नेटवर्क में और कितने लोग शामिल हैं।इस कामयाबी के पीछे थानाधिकारी देशराज पुनि, सउनि रामेश्वर दयाल, कांस्टेबल ओमवीर, पृथ्वी और विजयपाल की अहम भूमिका रही। इस खुलासे के बाद खातौली के व्यापारियों और आम जनता ने पुलिस टीम का आभार जताया है।