ShubhBhaskar
SHUBHBHASKAR
E Paper

मटकी बड़ी चौराहे पर बिजली का कहर: खंभे पर शॉर्ट सर्किट के बाद गिरे 11 हजार लाइन के तार

By Shubh Bhaskar · 18 Jun 2026 · 7 views
खामोर में 11 हजार केवी लाइन में जोरदार धमाका, बीच सड़क पर गिरे बिजली के तार, बड़ा हादसा टला
आबादी क्षेत्र में हाईटेंशन लाइन में शॉर्ट सर्किट, कई घरों के उपकरण जले, ग्रामीणों में दहशत
मटकी बड़ी चौराहे पर बिजली का कहर: खंभे पर शॉर्ट सर्किट के बाद गिरे 11 हजार लाइन के तार

शाहपुरा (भीलवाड़ा)-राजेन्द्र खटीक।

ख़ामोर-उपखंड क्षेत्र के खामोर गांव में मटकी बड़ी चौराहे पर बुधवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई जब किराना दुकान के पास लगे विद्युत खंभे पर गुजर रही 11 हजार केवी विद्युत लाइन में अचानक जोरदार धमाके के साथ शॉर्ट सर्किट हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार धमाके के बाद लाइन का तार टूटकर बीच रास्ते में गिर गया और करीब दो मिनट तक तारों में आग व चिंगारियां निकलती रहीं।
घटना आबादी क्षेत्र में होने से आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। गनीमत रही कि उस समय तार गिरने वाली जगह पर कोई राहगीर या पशु मौजूद नहीं था, अन्यथा बड़ा जानलेवा हादसा हो सकता था।
शॉर्ट सर्किट के कारण क्षेत्र के कई घरों में विद्युत उपकरण प्रभावित हुए। कहीं पंखे जल गए तो कहीं घरों में वायरिंग में शॉर्ट सर्किट की शिकायत सामने आई। वहीं डेयरी परिसर में लगे बड़े ट्रांसफार्मर में भी शॉर्ट सर्किट होने से वायर जल गए, जिससे विद्युत व्यवस्था प्रभावित हो गई।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि आबादी क्षेत्र से गुजर रही हाईटेंशन लाइन की नियमित जांच और रखरखाव नहीं होने से ऐसे हादसों का खतरा लगातार बना रहता है। ग्रामीणों ने मांग की है कि लाइन की तत्काल मरम्मत कर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जाए ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि उस समय सड़क पर कोई व्यक्ति, बच्चा या पशु मौजूद होता तो स्थिति बेहद गंभीर हो सकती थी। समय रहते बड़ा हादसा टल गया, लेकिन घटना ने विद्युत सुरक्षा व्यवस्थाओं की पोल खोलकर रख दी है।

More News

Share News

WhatsApp

X

Facebook

Telegram

Instagram

YouTube