ShubhBhaskar
SHUBHBHASKAR
E Paper

जोधपुर जिला कलक्टर आलोक रंजन बेनण ग्रामीण सेवा शिविर का किया निरीक्षण

By Shubh Bhaskar · 18 Jun 2026 · 121 views
जोधपुर जिला कलक्टर आलोक रंजन बेनण ग्रामीण सेवा शिविर का किया निरीक्षण

ग्रामीणों की समस्याओं का संवेदनशीलता एवं प्राथमिकता से निस्तारण सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

पीपाड शहर।नवरत्न औझा।जोधपुर जिला कलक्टर आलोक रंजन ने गुरुवार को ग्रामीण सेवा शिविर के तहत पंचायत समिति पीपाड़ शहर की ग्राम पंचायत बेनण में आयोजित शिविर का अवलोकन कर व्यवस्थाओं एवं विभागीय गतिविधियों का जायजा लिया। उन्होंने शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन करते हुए प्राप्त आवेदनों, उनके निस्तारण तथा लंबित प्रकरणों की जानकारी ली और अधिकारियों को समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।जिला कलक्टर ने शिविरों में उपस्थित ग्रामीणों से संवाद कर उन्हें उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं एवं योजनाओं के संबंध में फीडबैक लिया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण सेवा शिविर राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम हैं। शिविरों के माध्यम से आमजन की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है, जिससे ग्रामीणों को राहत मिल रही है।

*पात्र व्यक्तियों को तत्काल योजनाओं से जोड़कर लाभान्वित करें*

जिला कलक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि शिविरों में आने वाले प्रत्येक पात्र व्यक्ति को संबंधित विभागीय योजनाओं से जोड़ा जाए तथा आवश्यक दस्तावेजों एवं औपचारिकताओं को पूर्ण कर उन्हें मौके पर ही अधिकतम लाभ प्रदान किया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी पात्र व्यक्ति को योजनाओं के लाभ से वंचित नहीं रहने दिया जाए तथा जनहित से जुड़े मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जाए।उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की समस्याओं का संवेदनशीलता एवं गंभीरता के साथ निराकरण किया जाए। छोटे से छोटे प्रकरण को भी महत्व देते हुए उसका त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए। लंबित प्रकरणों की नियमित मॉनिटरिंग कर निर्धारित समय सीमा में उनका निस्तारण किया जाए, ताकि आमजन को बार-बार कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ें।

*योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने पर दिया जोर*

जिला कलक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विभागीय योजनाओं, शिविरों में किए जा रहे उत्कृष्ट कार्यों एवं सफलता की कहानियों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि अधिकाधिक पात्र व्यक्ति योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को विभिन्न योजनाओं की जानकारी देकर जागरूक किया जाए तथा जनकल्याणकारी योजनाओं की शत-प्रतिशत पहुंच सुनिश्चित की जाए।इस दौरान उन्होंने राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप मौके पर ही पात्र लाभार्थियों को आवासीय पट्टे, नामान्तरण (म्यूटेशन) पत्र, आवास के पट्टे सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के स्वीकृति पत्र सौंपे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप ग्रामीण क्षेत्रों में राजस्व, सामाजिक सुरक्षा, कृषि, पशुपालन, जल, विद्युत, स्वच्छता एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़े प्रकरणों का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए।

इस अवसर पर पीपाड उपखंड नेमाराम रॉयल विकास अधिकारी नरेंद्र सोउ, तहसीलदार मदनलाल गर्ग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधिगण एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

More News

Share News

WhatsApp

X

Facebook

Telegram

Instagram

YouTube