जयपुर में परशुराम सेना का भव्य आयोजन, वाहन रैली के साथ मनाया परशुराम जन्मोत्सव।
By Shubh Bhaskar ·
20 Apr 2026 ·
6 views
जयपुर में परशुराम सेना का भव्य आयोजन, वाहन रैली के साथ मनाया परशुराम जन्मोत्सव।
- जयपुर- जयपुर के सांगानेर वाटिका में भगवान परशुराम जन्मोत्सव के अवसर पर परशुराम सेना राजस्थान द्वारा सांगानेर क्षेत्र में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। वाटिका रोड स्थित सामुदायिक केंद्र में आयोजित इस कार्यक्रम में सर्व ब्राह्मण समाज के साथ साथ सर्व समाज की बड़ी भागीदारी देखने को मिली। आयोजन की शुरुआत बालाजी मंदिर, वाटिका रोड से निकाली गई भव्य वाहन रैली के साथ हुई, जो विभिन्न मार्गों से होते हुए कार्यक्रम स्थल तक पहुंची।
वाहन रैली के दौरान युवाओं और कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। चौपहिया और दुपहिया वाहनों पर भगवान परशुराम की पताकाएं लहराती नजर आईं और पूरे मार्ग पर जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व जिला न्यायाधीश विष्णुदत्त शर्मा उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में परशुराम सेना के प्रदेश अध्यक्ष मीत गौतम, प्रदेश प्रभारी विनोद शर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष एवं जयपुर संभाग प्रभारी जितेन्द्र कुमार मिश्रा, प्रदेश मीडिया प्रभारी धीरज मिश्रा,राजस्थान संभाग मिडिया प्रभारी नागपाल शर्मा माचाड़ी,संगठन मंत्री पवन शर्मा,प्रचार मंत्री दिनेश सैहणा सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान परशुराम की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं मंत्रोच्चार के साथ महाआरती कर किया गया। इसके पश्चात समाज के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों (दसवीं व बारहवीं में 85% से अधिक अंक प्राप्त करने वाले), नवनियुक्त सरकारी कर्मचारियों, भामाशाहों एवं समर्पित कार्यकर्ताओं का माला, साफा, दुपट्टा एवं प्रतिमा भेंट कर सम्मान किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता आयोजन समिति के अध्यक्ष महावीर प्रसाद गौतम ने की, जबकि सह-अध्यक्षता जयपुर शहर जिलाध्यक्ष सुरेन्द्र मिश्रा ने निभाई। आयोजकों द्वारा अतिथियों का पारंपरिक स्वागत किया गया।
*मुख्य अतिथि विष्णुदत्त शर्मा* ने अपने संबोधन में युवाओं को अनुशासन और मेहनत के साथ अपने कैरियर निर्माण पर ध्यान देने की प्रेरणा दी। वहीं, *प्रदेश अध्यक्ष मीत गौतम* ने संगठन के सामाजिक सरोकारों पर प्रकाश डाला। *प्रदेश प्रभारी विनोद शर्मा* ने सफल आयोजन के लिए आयोजकों को बधाई दी।
*प्रदेश उपाध्यक्ष जितेन्द्र कुमार मिश्रा* ने समाज में एकजुटता की आवश्यकता पर बल देते हुए बताया कि परशुराम सेना का प्रतिनिधिमंडल शीघ्र ही मुख्यमंत्री से मिलकर समाज की मांगों को रखेगा। *मीडिया प्रभारी धीरज मिश्रा* ने यूजीसी रेगुलेशन के विरोध का आह्वान किया, जबकि *संगठन मंत्री पवन शर्मा* ने संगठन विस्तार और युवाओं की भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया।
*कार्यक्रम का संचालन आयुष शर्मा* ने किया। आयोजन के दौरान हजारों की संख्या में समाजबंधु एवं मातृशक्ति की उपस्थिति रही, जिससे माहौल उत्साहपूर्ण बना रहा।
अंत में आयोजक महावीर प्रसाद गौतम एवं सहसंयोजक सुरेन्द्र मिश्रा ने सभी का आभार व्यक्त किया। साथ ही घोषणा की गई कि सांगानेर में प्रत्येक रविवार को मात्र एक रुपये में जरूरतमंदों के लिए भोजन की व्यवस्था शुरू की जाएगी, जिसका उपस्थित जनसमूह ने जोरदार स्वागत किया।
कार्यक्रम के अंत में लगभग तीन हजार लोगों ने भोजन प्रसादी ग्रहण की। इस अवसर पर कृष्ण कुमार शर्मा, जयप्रकाश शर्मा, सीताराम शर्मा, मुकेश शर्मा, कैलाश शर्मा, ऋषिकांत शर्मा, मनीष शर्मा, दीपेश शर्मा, अरुण कुमार अवस्थी, मुकेश दाधीच, संजय शर्मा, प्रदीप शर्मा सहित अनेक कार्यकर्ताओं ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया।