पीपाड पुलिस की बड़ी कार्रवाई 38 ग्राम एमडी ड्रग्स और 3 लाख 37 हजार नकद के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, स्कॉर्पियो जब्त
By Shubh Bhaskar ·
20 Jun 2026 ·
288 views
पीपाड पुलिस की बड़ी कार्रवाई 38 ग्राम एमडी ड्रग्स और 3 लाख 37 हजार नकद के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, स्कॉर्पियो जब्त
पीपाड शहर। जिला पुलिसअधीक्षक जोधपुर ग्रामीण श्रीमती पी.डी. नित्या के निर्देश पर नशे के सौदागरों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पीपाड़ शहर थाना पुलिस ने कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने कोसाणा गांव के पास से दो शातिर ड्रग तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 38.10 ग्राम अवैध एमडी ड्रग्स, तस्करी से कमाए गए 3,37,400 रुपये नगद और तस्करी में प्रयुक्त एक स्कॉर्पियो गाड़ी जब्त की है।अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भोपालसिंह लखावत के सुपरविजन में पीपाड़ शहर थानाधिकारी खेताराम के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कामयाबी हासिल की।पुलिस के अनुसार 19 जून को मुखबिर की सूचना पर पीपाड़ शहर थानाधिकारी मय जाब्ता ने कोसाणा तालाब के पास नाकाबंदी की इस दौरान एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो आती दिखाई दी, जिसे पुलिस ने रुकवाकर डिटेन किया।गाड़ी की तलाशी लेने पर उसके डैशबोर्ड से 38.01 ग्राम अवैध एमडी ड्रग्स बरामद हुई। पुलिस ने मौके से ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर वाहन को जब्त कर लिया।गिरफ्तारी के बाद जब पुलिस ने मुख्य आरोपी हनुमानराम उर्फ शेखर व कानाराम पुत्र मूलाराम, निवासी कोसाणा के रिहायशी मकान की तलाशी ली, तो वहां ड्रग्स बेचकर कमाए गए 3,37,400 रुपये नगद बरामद हुए जिसे पुलिस ने तुरंत जब्त कर लिया। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की आगे जांच कापरड़ा थानाधिकारी द्वारा की जा रही है।इस कार्रवाई में पीपाड़ शहर थानाधिकारी खेताराम, हेड कांस्टेबल विरेन्द्र चौधरी कांस्टेबल दिलीप, गणेश, अनिल, सुनीता और शेखर की मुख्य भूमिका रही।