योग ही है स्वस्थ शरीर का राज- परिणीति विश्नोई पीपाड़ शहर के योग शिविर में उमड़ रही है भारी भीड़
By Shubh Bhaskar ·
10 Jun 2026 ·
48 views
योग ही है स्वस्थ शरीर का राज- परिणीति विश्नोई
पीपाड़ शहर के योग शिविर में उमड़ रही है भारी भीड़
पीपाड़ सिटी। स्थानीय मामाजी मैरिज गार्डन में चल रहे विशेष योग शिविर में आज का सत्र बेहद खास रहा। सत्र के दौरान छोटी योग शिक्षिका व योगा एक्सपर्ट परिणीति विश्नोई ने शानदार योगासनों का प्रदर्शन किया। उन्होंने उपस्थित साधकों को संबोधित करते हुए कहा कि इस भागदौड़ भरी जिंदगी में तनाव को दूर करने के लिए योग सबसे कारगर माध्यम है। हम सभी को प्रतिदिन सुबह उठकर कम से कम एक घंटा अपने शरीर को अवश्य देना चाहिए और योग को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाना चाहिए।पतंजलि योग समिति के प्रभारी भगवान राम परिहार ने जानकारी दी कि यह शिविर 20 मई से शुरू होकर 21 जून अंतरराष्ट्रीय योग दिवस तक रोजाना सुबह 5:30 बजे से 7:00 बजे तक आयोजित किया जा रहा है। इस शिविर में राजस्थान प्रदेश के ख्यातिप्राप्त योग शिक्षक अपनी सेवाएं दे रहे हैं जहाँ योग के साथ-साथ आयुर्वेद, नेचुरोपैथी, प्राकृतिक चिकित्सा, पंचकर्म और षटकर्म का निशुल्क प्रशिक्षण दिया जा रहा है। शिविर प्रभारी चेनाराम गहलोत ने बताया कि आगामी 14 जून को जोधपुर से रक्त जांच के विशेषज्ञों की एक बड़ी टीम और 'श्री राधे आयुर्वेदिक अस्पताल' की प्राकृतिक चिकित्सा टीम शिविर में पहुंचेगी। यहाँ सभी की निशुल्क जांच कर प्राकृतिक तरीके से रोगों के उपचार की जानकारी दी जाएगी।राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर्यावरण प्रकोष्ठ के जिला प्रभारी मदन लाल बागरा ने साधकों को योग के साथ-साथ पर्यावरण की रक्षा करने, स्वच्छता बनाए रखने और जल का अपव्यय रोकने का संकल्प दिलाया। वरिष्ठ योग शिक्षक जगदीश देवड़ा ने कहा कि प्रतिदिन योगाभ्यास, प्राणायाम, आयुर्वेदिक काढ़े और प्राकृतिक चिकित्सा के समन्वय से हम जीवनभर स्वयं को असाध्य रोगों से बचाकर तंदुरुस्त रख सकते हैं।
इस अवसर पर योग शिक्षक देवाराम जांगिड़, मुकेश कच्छावाह, योग शिक्षिका अंजलि परिहार, संपतराज सैनी, मोहित पुरोहित, मेहराम गेहलोत, बबलू भाई मारोठिया, गोविंद मारोठिया, मामा जी मैरिज गार्डन के डूंगरराम व भाकरराम, पारसमल छिपा, सत्यनारायण छिपा, प्रेम सोलंकी, श्यामलाल सांखला, श्रवणराम टाक, भागीरथ छिपा, गोविन्द राम गहलोत और टीकम मारोठिया सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस निशुल्क योग व चिकित्सा शिविर का लाभ उठाने की अपील की है।