शाहपुरा के विकास को लेकर विधायक डॉ. बैरवा ने मुख्यमंत्री से की मुलाकात
By Shubh Bhaskar ·
11 Apr 2026 ·
15 views
शाहपुरा के विकास को लेकर विधायक डॉ. बैरवा ने मुख्यमंत्री से की मुलाकात
शाहपुरा-राजेन्द्र खटीक।
शाहपुरा-शाहपुरा विधायक डॉ. लालाराम बैरवा ने जयपुर स्थित मुख्यमंत्री कार्यालय में प्रदेश के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान शाहपुरा विधानसभा क्षेत्र के समग्र विकास, बजट घोषणाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं नए विकास कार्यों को लेकर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।
विधायक डॉ. बैरवा ने मुख्यमंत्री के समक्ष राज्य बजट में घोषित विभिन्न विकास कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूर्ण कराने का विशेष आग्रह किया। उन्होंने कहा कि समयबद्ध क्रियान्वयन से क्षेत्र की जनता को शीघ्र लाभ मिलेगा और विकास कार्यों में गति आएगी। साथ ही संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय और नियमित मॉनिटरिंग की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
मुलाकात के दौरान उन्होंने शाहपुरा क्षेत्र में सड़क निर्माण एवं मरम्मत को प्राथमिकता देने, किसानों को फसल बीमा व खराबे का समय पर मुआवजा दिलाने, गर्मियों में पेयजल व्यवस्था सुदृढ़ करने, सरकारी विद्यालयों के उन्नयन, चिकित्सा सेवाओं में सुधार तथा ग्रामीण आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के प्रस्ताव भी रखे।
इसके अलावा युवाओं के लिए रोजगारोन्मुखी योजनाओं को बढ़ावा देने, महिला सशक्तिकरण कार्यक्रमों का विस्तार करने और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर भी चर्चा की गई।
मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने सभी सुझावों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के संतुलित और समावेशी विकास के लिए प्रतिबद्ध है तथा शाहपुरा क्षेत्र में विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी।
विधायक डॉ. लालाराम बैरवा ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि राज्य सरकार के सहयोग से सभी बजट घोषणाएं समय पर पूरी होंगी और शाहपुरा क्षेत्र विकास की नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा।