देश के टॉप-50 प्रदूषित शहरों में राजस्थान के सबसे ज्यादा 18 शहर शामिल।
By Shubh Bhaskar ·
10 Jan 2026 ·
15 views
देश के टॉप-50 प्रदूषित शहरों में राजस्थान के सबसे ज्यादा 18 शहर शामिल।
*नागपाल शर्मा माचाड़ी की रिपोर्ट*
(माचाड़ीअलवर):- भारत में वायु प्रदूषण (Air Pollution) की समस्या अब केवल दिल्ली या उसके आसपास के क्षेत्रों तक सीमित नहीं रही है। सेंटर फॉर रिसर्च ऑन एनर्जी एंड क्लीन एयर (CREA) की ताजा रिपोर्ट ने राजस्थान को लेकर बेहद चिंताजनक तस्वीर सामने रखी है।
रिपोर्ट के अनुसार, देश के उन शीर्ष 50 शहरों में, जहां पीएम-10 (PM10) का स्तर सबसे अधिक पाया गया है, उनमें सबसे ज्यादा 18 शहर राजस्थान के हैं। यह आंकड़ा उत्तर प्रदेश के 10 और मध्य प्रदेश के ०5 शहरों की तुलना में कहीं अधिक है।
विशेषज्ञों के अनुसार, राजस्थान के शहरों में बढ़ते निर्माण कार्य, सड़कों पर उड़ती धूल, उद्योगों से निकलने वाला धुआं, वाहनों की बढ़ती संख्या और खुले में कचरा जलाना वायु प्रदूषण के प्रमुख कारण हैं। पीएम-10 जैसे सूक्ष्म कण फेफड़ों में गहराई तक पहुंचकर सांस संबंधी बीमारियों, अस्थमा, हृदय रोग और अन्य गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं को जन्म देते हैं।
रिपोर्ट में यह भी संकेत दिया गया है कि यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए तो आने वाले वर्षों में स्थिति और भी गंभीर हो सकती है। विशेषज्ञों ने राज्य सरकार और स्थानीय निकायों से वायु गुणवत्ता सुधारने के लिए प्रभावी नीतियां लागू करने, हरित क्षेत्र बढ़ाने, सार्वजनिक परिवहन को प्रोत्साहित करने तथा उद्योगों और वाहनों पर सख्त निगरानी रखने की आवश्यकता पर जोर दिया है।
राजस्थान के लिए यह रिपोर्ट एक चेतावनी है कि विकास के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण पर भी समान रूप से ध्यान देना जरूरी है, ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण मिल सके।