मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में 67 जोड़ों का विवाह संपन्न, ₹1 लाख सहायता से नए जीवन की शुरुआत
By Shubh Bhaskar ·
26 Jul 2026 ·
7 views
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में 67 जोड़ों का विवाह संपन्न, ₹1 लाख सहायता से नए जीवन की शुरुआत
तहसील बलरामपुर में भव्य समारोह, 44 हिंदू विवाह और 23 निकाह संपन्न; जनप्रतिनिधियों ने नवदंपतियों को दिया आशीर्वाद
सम्वाददाता संतोष कुमार
उत्तर प्रदेश बलरामपुर, 25 जुलाई।
उत्तर प्रदेश सरकार की मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत तहसील बलरामपुर स्थित माया होटल में आयोजित भव्य समारोह में 67 जोड़ों का विवाह एवं निकाह संपन्न कराया गया। कार्यक्रम में 44 जोड़ों का विवाह वैदिक रीति-रिवाजों के अनुसार तथा 23 जोड़ों का निकाह मुस्लिम परंपराओं के अनुरूप संपन्न हुआ। समारोह में सामाजिक समरसता, उत्साह और सौहार्द का वातावरण देखने को मिला।
कार्यक्रम में विधायक सदर पलटूराम, विधायक तुलसीपुर कैलाश नाथ शुक्ला, जिला पंचायत अध्यक्ष आरती शुक्ला, मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गुप्ता, जिला विकास अधिकारी कमलेश सोनी, जिला समाज कल्याण अधिकारी डॉ. राहुल गुप्ता, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी यशवंत मौर्या सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। अतिथियों ने नवदंपतियों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखद एवं समृद्ध दांपत्य जीवन की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर विधायक सदर पलटूराम ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए सम्मानजनक सहयोग का माध्यम बन रही है। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार ने प्रति जोड़े सहायता राशि बढ़ाकर ₹1 लाख कर दी है, जिससे गरीब परिवारों को बड़ी राहत मिलेगी।
योजना के तहत ₹64,000 सीधे कन्या के बैंक खाते में हस्तांतरित किए जाते हैं, ₹21,000 की उपहार सामग्री नवदंपतियों को दी जाती है, जबकि ₹15,000 विवाह आयोजन एवं अन्य व्यवस्थाओं पर खर्च किए जाते हैं।
समारोह स्थल पर नवदंपतियों और उनके परिजनों के लिए भोजन, पेयजल, बैठने सहित सभी आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की गई थी।