महिला सुरक्षा संकल्प अभियान के तहत राजस्थान पुलिस की मानवीय पहल 7,834 एकल बुजुर्ग महिलाओं एवं बुजुर्ग दंपत्तियों से घर-घर जाकर की मुलाकात।
By Shubh Bhaskar ·
23 Jul 2026 ·
10 views
महिला सुरक्षा संकल्प अभियान के तहत राजस्थान पुलिस की मानवीय पहल
7,834 एकल बुजुर्ग महिलाओं एवं बुजुर्ग दंपत्तियों से घर-घर जाकर की मुलाकात।
*नागपाल शर्मा माचाड़ी की रिपोर्ट*
(माचाड़ीअलवर):- जयपुर- राजस्थान पुलिस ने महानिदेशक पुलिस राजीव कुमार शर्मा के निर्देशन में संचालित 'महिला सुरक्षा संकल्प अभियान' के तहत प्रदेशभर में एक विशेष जनसंपर्क एवं सुरक्षा अभियान चलाकर 7,834 एकल बुजुर्ग महिलाओं और अकेले रह रहे बुजुर्ग दंपत्तियों से उनके घर पहुंचकर आत्मीय संवाद किया। पुलिस अधिकारियों और थाना स्तर के पुलिसकर्मियों ने उनका कुशलक्षेम जाना,समस्याएं सुनीं तथा हर परिस्थिति में पुलिस सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।
अभियान का उद्देश्य एकाकी जीवन व्यतीत कर रहे वरिष्ठ नागरिकों में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना, उन्हें पुलिस से जोड़ना तथा आवश्यकता पड़ने पर त्वरित सहायता उपलब्ध कराना है। इस दौरान पुलिस ने महिला सुरक्षा,साइबर अपराधों से बचाव और आपातकालीन हेल्पलाइन 112, 1930 एवं 1090 की जानकारी भी दी।
जिलेवार आंकड़ों के अनुसार करौली में सर्वाधिक 960 बुजुर्ग महिलाओं एवं दंपत्तियों से संपर्क किया गया। इसके अलावा जोधपुर शहर पश्चिम में 580, सवाई माधोपुर में 493,अजमेर में 458,बाड़मेर में 320,बालोतरा में 283, भीवाड़ी में 244,खैरथल- तिजारा में 217,कोटा ग्रामीण में 211,जयपुर ग्रामीण में 186,सीकर में 167,डीग में 163,राजसमंद में 159, सिरोही में 157,कोटा शहर में 150,जबकि टोंक और बूंदी में 143-143 वरिष्ठ नागरिकों से पुलिस ने घर-घर जाकर मुलाकात की।
अभियान के दौरान कई प्रेरक उदाहरण भी सामने आए। उदयपुर में अकेली रहने वाली एक बुजुर्ग महिला की संपत्ति संबंधी आशंकाओं का पुलिस ने कानूनी जानकारी देकर समाधान किया,जबकि सेवानिवृत्त कर्नल एवं उनकी पत्नी ने बिना शिकायत पुलिस के घर पहुंचने पर इस पहल की सराहना करते हुए इसे संवेदनशील पुलिसिंग का उदाहरण बताया।
धौलपुर के सरमथुरा क्षेत्र में पुलिस ने पारिवारिक विवाद के चलते अलग रह रहे बुजुर्ग नथुआ राम मीना की काउंसलिंग कराकर सम्मानपूर्वक परिवार से पुनर्मिलन कराया। वहीं झालावाड़ जिले के सभी थानों में वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष शिकायत रजिस्टर शुरू किया गया है,जिसके माध्यम से पुलिस नियमित रूप से उनकी समस्याओं की निगरानी कर रही है।
महानिदेशक पुलिस राजीव कुमार शर्मा ने कहा कि राजस्थान पुलिस कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ महिलाओं एवं वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा, सम्मान और विश्वास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि पुलिस की जिम्मेदारी केवल अपराध होने के बाद कार्यवाही करना नहीं, बल्कि समाज के कमजोर और जरूरतमंद लोगों तक स्वयं पहुंचकर उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिलाना भी है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भविष्य में भी ऐसे जनकल्याणकारी अभियानों के माध्यम से पुलिस और समाज के बीच विश्वास को और अधिक मजबूत किया जाएगा।