ग्रामीण सेवा शिविर में महिलाओं को दी विभागीय योजनाओं एवं वन स्टॉप सेंटर की जानकारी*
By Shubh Bhaskar ·
20 Jul 2026 ·
16 views
*ग्रामीण सेवा शिविर में महिलाओं को दी विभागीय योजनाओं एवं वन स्टॉप सेंटर की जानकारी*
सलूम्बर,20 जुलाई। राज्य सरकार के ग्रामीण सेवा शिविर 2026 के तहत सोमवार को सलूंबर ब्लॉक की ग्राम पंचायत सेरिया में शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में महिला अधिकारिता विभाग द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं के हित में संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्रदान कर उन्हें जागरूक किया गया।
शिविर के दौरान महिलाओं को मुख्यमंत्री नारी शक्ति उद्यम प्रोत्साहन योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान, वन स्टॉप सेंटर योजना, महिला हेल्पलाइन 181,लाडो प्रोत्साहन योजना तथा बाल विवाह रोकथाम एवं महिला सुरक्षा संबंधी प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया एवं मिलने वाले लाभों के बारे में भी बताया गया।
महिलाओं को जिला मुख्यालय पर संचालित वन स्टॉप सेंटर के बारे में विशेष रूप से अवगत कराया गया। बताया गया कि किसी भी प्रकार की हिंसा या प्रताड़ना से प्रभावित महिलाओं को वन स्टॉप सेंटर के माध्यम से निःशुल्क अस्थायी आवास, भोजन, पुलिस सहायता, चिकित्सकीय सुविधा, कानूनी परामर्श एवं मनोसामाजिक परामर्श जैसी सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाती हैं।
शिविर में उपस्थित महिलाओं को महिला अधिकारों, सुरक्षा, शिक्षा एवं आत्मनिर्भरता के प्रति जागरूक करते हुए सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने का आह्वान किया गया।इस कार्यक्रम में महिला अधिकारिता विभाग की सुपरवाइजर अंजलि मेहता ,वन स्टॉप सेंटर से केंद्र प्रबंधक कविता पुरबिया,एवं पीएसएसके से प्रियंका सोनी सेरिया ग्राम पंचायत की साथिन रेखा एवं अन्य विभागीय कर्मचारी उपस्थित रहे।
--0--