बारिश के मौसम में बढ़ा बीमारियों का खतरा, अलवर में खाद्य सामग्री की गुणवत्ता और साफ-सफाई की जांच की मांग।
By Shubh Bhaskar ·
13 Jul 2026 ·
6 views
बारिश के मौसम में बढ़ा बीमारियों का खतरा, अलवर में खाद्य सामग्री की गुणवत्ता और साफ-सफाई की जांच की मांग।
*नागपाल शर्मा माचाड़ी की रिपोर्ट*
(माचाड़ीअलवर):- अलवर- अलवर मानसून के आगमन के साथ जहां मौसम सुहावना हो गया है, वहीं मौसमी बीमारियों और फूड पॉइजनिंग का खतरा भी बढ़ गया है। ऐसे में शहरवासियों के स्वास्थ्य की सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन और खाद्य सुरक्षा विभाग से होटलों, रेस्टोरेंट्स, ढाबों तथा सड़क किनारे संचालित ठेली-खोमचों पर खाद्य सामग्री की गुणवत्ता और साफ-सफाई की नियमित एवं सघन जांच करने की मांग उठ रही है।
बारिश के मौसम में वातावरण में नमी बढ़ने के कारण खाद्य पदार्थ जल्दी खराब होने लगते हैं। दूषित पानी और बासी भोजन में बैक्टीरिया तेजी से पनपते हैं,जिससे हैजा, टायफाइड,पीलिया,डायरिया और फूड पॉइजनिंग जैसी बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। विशेष रूप से खुले में बिकने वाली चाट,पकौड़ी,कचौड़ी, समोसे और अन्य फास्ट फूड के संबंध में अतिरिक्त सतर्कता बरतने की आवश्यकता बताई जा रही है।
जानकारों का कहना है कि खाद्य सुरक्षा विभाग को बड़े प्रतिष्ठानों के साथ-साथ सड़क किनारे संचालित खाद्य स्टॉलों पर भी नियमित और औचक निरीक्षण करना चाहिए। जांच के दौरान बासी या दूषित खाद्य सामग्री मिलने पर संबंधित संचालकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्यवाही की जानी चाहिए। साथ ही खाद्य पदार्थों के निर्माण में उपयोग किए जा रहे पानी की गुणवत्ता की भी जांच आवश्यक है,ताकि उपभोक्ताओं को सुरक्षित भोजन उपलब्ध हो सके।
इसके अलावा खाद्य विक्रेताओं को स्वच्छता संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित कराने पर भी जोर दिया जा रहा है। ग्लव्स,मास्क और हेड कैप का उपयोग,ढके हुए डस्टबिन की व्यवस्था तथा आसपास जलभराव नहीं होने देने जैसे उपाय संक्रमण की रोकथाम में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने आमजन से भी बारिश के मौसम में सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने सलाह दी है कि केवल स्वच्छ और विश्वसनीय स्थानों पर ही भोजन करें,खुले में रखे कटे फल,सलाद एवं बासी खाद्य पदार्थों के सेवन से बचें तथा केवल शुद्ध पेयजल का ही उपयोग करें।
जनहित में यह अपेक्षा की जा रही है कि संबंधित विभाग कागजी कार्यवाही तक सीमित न रहकर बारिश के मौसम में विशेष स्वच्छता एवं खाद्य सुरक्षा अभियान चलाए, ताकि शहरवासियों को मौसमी बीमारियों से बचाया जा सके और सुरक्षित खान-पान सुनिश्चित हो सके।