15 जुलाई से गुप्त नवरात्रि का निर्जला व्रत रखेंगे गौ पुत्र धर्म दास महाराज, गौवंश कल्याण के लिए करेंगे विशेष साधना।
By Shubh Bhaskar ·
09 Jul 2026 ·
75 views
15 जुलाई से गुप्त नवरात्रि का निर्जला व्रत रखेंगे गौ पुत्र धर्म दास महाराज, गौवंश कल्याण के लिए करेंगे विशेष साधना।
*नागपाल शर्मा माचाड़ी की रिपोर्ट*
(माचाड़ीअलवर):- आगरा- ब्रजवासी गौ रक्षक सेना भारत संघ के संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष गौ पुत्र धर्मदास महाराज 15 जुलाई से प्रारंभ हो रहे गुप्त नवरात्रि के अवसर पर गौवंश के कल्याण,संरक्षण एवं सेवा के उद्देश्य से निर्जला व्रत रखेंगे। संगठन की ओर से जारी जानकारी के अनुसार महाराज वर्षभर आने वाले चारों नवरात्रों में कठोर व्रत एवं साधना करते हैं और इसे गौमाता की सेवा के लिए समर्पित मानते हैं।
गौ पुत्र धर्मदास महाराज का कहना है कि उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन गौसेवा और सनातन धर्म के संरक्षण के लिए समर्पित किया है। उनका उद्देश्य देशभर में गौ संरक्षण के प्रति जनजागरण करना तथा अधिक से अधिक लोगों को गौसेवा से जोड़ना है। वे लंबे समय से गौमाता को राष्ट्रमाता घोषित किए जाने की मांग को लेकर भी अभियान चला रहे हैं।
संगठन के अनुसार गौ पुत्र धर्म दास महाराज को विभिन्न धार्मिक संस्थाओं द्वारा धर्म रत्न एवं महामंडलेश्वर जैसी उपाधियों से सम्मानित किया जा चुका है। इसके बावजूद वे स्वयं को एक साधारण संत मानते हुए गौसेवा और जनजागरण के कार्य में निरंतर सक्रिय रहते हैं।
धर्मदास महाराज देशभर में प्रवास के दौरान लोगों से गौवंश की सेवा, संरक्षण और सनातन संस्कृति के प्रति जागरूक रहने का आह्वान करते हैं। सोशल मीडिया के माध्यम से भी वे प्रतिदिन हजारों लोगों तक गौसेवा का संदेश पहुंचाते हैं।
उन्होंने अपने संदेश में कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन का कुछ समय गौसेवा, धर्म और समाजहित के कार्यों के लिए अवश्य देना चाहिए। उनके अनुसार गौसेवा भारतीय संस्कृति और आस्था का महत्वपूर्ण आधार है।