सड़क सुरक्षा अभियान के तहत प्रमुख चौराहों पर चला सघन वाहन चेकिंग अभियान
By Shubh Bhaskar ·
09 Jul 2026 ·
32 views
सड़क सुरक्षा अभियान के तहत प्रमुख चौराहों पर चला सघन वाहन चेकिंग अभियान
नियमों का पालन करने वाले वाहन चालकों का गुलाब देकर किया गया सम्मान
यातायात नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई, सुरक्षित ड्राइविंग का दिया संदेश
सम्वाददाता संतोष कुमार
उत्तर प्रदेश बलरामपुर, 09 जुलाई। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से गुरुवार को जनपद में सड़क सुरक्षा अभियान के तहत प्रमुख चौराहों पर विशेष जनजागरूकता एवं सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। वीर विनय चौक सहित विभिन्न प्रमुख स्थानों पर जिला स्तरीय अधिकारियों ने स्वयं मोर्चा संभालते हुए वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा के नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया।
अभियान के दौरान मुख्य विकास अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, उप संभागीय परिवहन अधिकारी सहित अन्य अधिकारियों ने लोगों को हेलमेट और सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, निर्धारित गति सीमा का पालन करने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने तथा यातायात नियमों का पालन करने के लिए जागरूक किया। अधिकारियों ने कहा कि सड़क सुरक्षा प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है और थोड़ी सी सावधानी कई अमूल्य जीवन बचा सकती है।
इस दौरान दोपहिया और चारपहिया वाहनों की सघन जांच की गई। वाहन चालकों के हेलमेट, सीट बेल्ट, ड्राइविंग लाइसेंस, आरसी, बीमा, प्रदूषण प्रमाण-पत्र सहित सभी आवश्यक अभिलेखों का सत्यापन किया गया।
जिन वाहन चालकों के पास सभी आवश्यक दस्तावेज मिले और जो यातायात नियमों का पालन करते पाए गए, उन्हें गुलाब का फूल भेंट कर सम्मानित एवं प्रोत्साहित किया गया। वहीं नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई की गई और भविष्य में नियमों का पालन करने की हिदायत दी गई।
प्रशासन ने आमजन से अपील की कि हेलमेट और सीट बेल्ट का नियमित प्रयोग करें, सभी आवश्यक अभिलेख अद्यतन रखें तथा जिम्मेदारी के साथ वाहन चलाकर स्वयं और दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करें। प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने और दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।