बिजली के बिना बिल से ग्रामीणों में आक्रोश, विद्युत आपूर्ति और फर्जी बिल माफी की मांग को लेकर प्रदर्शन
By Shubh Bhaskar ·
03 Jul 2026 ·
19 views
बिजली के बिना बिल से ग्रामीणों में आक्रोश, विद्युत आपूर्ति और फर्जी बिल माफी की मांग को लेकर प्रदर्शन
जिले के भुसैलिया ग्राम पंचायत के कई मजरों में आज तक नहीं पहुंची बिजली, डीएम को ज्ञापन और IGRS पर दर्ज कराई शिकायत
सम्वाददाता संतोष कुमार
उत्तर प्रदेश बलरामपुर। जिले के विकासखंड हरैया सतघरवा अंतर्गत ग्राम पंचायत भुसैलिया के खैरपुरवा, भवरही और महरनपुरवा के ग्रामीणों ने बिजली आपूर्ति शुरू कराने तथा बिना बिजली उपयोग के जारी किए गए बिजली बिलों को माफ करने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।
ग्रामीणों का आरोप है कि सौभाग्य योजना के तहत ललिया से भवरही होते हुए खैरपुरवा तक विद्युत लाइन बिछाई गई थी, लेकिन आज तक इन गांवों में बिजली आपूर्ति शुरू नहीं हो सकी। उन्होंने बताया कि लाइन के अधिकांश पोल और तार क्षतिग्रस्त होकर जमीन पर पड़े हैं। इसके बावजूद कई ग्रामीणों के नाम बिजली बिल जारी हो गए हैं, जिससे लोगों में भारी नाराजगी है।
ग्रामीणों के अनुसार, 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र महाराजगंज तराई, जनपद बलरामपुर से लाइन जोड़ी गई थी, लेकिन अब तक विद्युत आपूर्ति बहाल नहीं हुई। उनका कहना है कि आधार कार्ड लेकर बिजली मीटर तो लगा दिए गए, लेकिन बिजली कभी नहीं मिली, जबकि नियमित रूप से बिजली बिल भेजे जा रहे हैं।
ग्रामीणों के बुलावे पर समाजसेवी एवं पूर्व सांसद प्रत्याशी (लोकसभा श्रावस्ती) युगल किशोर शुक्ला एडवोकेट मौके पर पहुंचे और विद्युत व्यवस्था का जायजा लिया। इसके बाद युगल किशोर शुक्ला और मनमोहन तिवारी के नेतृत्व में ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर अपनी मांगें उठाईं।
प्रदर्शन में मनमोहन तिवारी, गोमती प्रसाद, ननकू, मंगल प्रसाद, संदीप तिवारी, नीतीश, राजेंद्र प्रसाद, अरुण यादव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
ग्रामीणों ने जिला अधिकारी बलरामपुर को प्रार्थना-पत्र भेजकर संबंधित बिजली मीटरों की जांच कराने, बिना बिजली उपयोग के जारी हुए बिलों को निरस्त एवं माफ करने तथा गांवों में शीघ्र विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित कराने की मांग की है। साथ ही जनसुनवाई पोर्टल (आईजीआरएस) पर भी शिकायत दर्ज कराई गई है, जिसकी संदर्भ संख्या 40018226011805 है।