जमीन विवाद में कार्यवाही नहीं होने का आरोप, पीड़ित ने प्रशासन से लगाई न्याय की गुहार।
By Shubh Bhaskar ·
28 Jun 2026 ·
73 views
जमीन विवाद में कार्यवाही नहीं होने का आरोप, पीड़ित ने प्रशासन से लगाई न्याय की गुहार।
*नागपाल शर्मा माचाड़ी की रिपोर्ट*
(माचाड़ीअलवर):-राजगढ़- होदाहेली गांव निवासी उच्चेन्द्र सिंह एवं उनके परिवार ने आरोप लगाया है कि उनकी भूमि खसरा नंबर 198,रकबा 0.87 हेक्टेयर,पटवार हल्का फिरोजपुर पर कुछ लोगों द्वारा जबरन कब्जा कर लिया गया है। शिकायत के अनुसार, कब्जा करने का आरोप धनश्याम सिंह एवं उनके परिवार पर लगाया गया है।
पीड़ित पक्ष का कहना है कि इस मामले को लेकर वे तहसीलदार,उपखंड अधिकारी, जिला कलेक्टर, पुलिस थाना राजगढ़,पुलिस अधीक्षक अलवर सहित विभिन्न प्रशासनिक अधिकारियों के समक्ष शिकायत कर चुके हैं। उनका आरोप है कि मुख्यमंत्री स्तर तक भी शिकायत भेजी गई,लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हो सका।
उच्चेन्द्र सिंह का आरोप है कि उन्होंने हाल ही में एक बार फिर राजगढ़ थाने में जाकर कार्यवाही की मांग की, लेकिन अभी तक पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। वहीं, संबंधित पटवारी का कहना है कि पीड़ित के पिता द्वारा भूमि का कुछ हिस्सा पहले ही बेचा जा चुका है। इस पर पीड़ित पक्ष का सवाल है कि यदि भूमि का विक्रय हुआ था, तो संबंधित नामांतरण अब तक दर्ज क्यों नहीं हुआ।
पीड़ित पक्ष ने आशंका व्यक्त की है कि भूमि से संबंधित दस्तावेजों में अनियमितता या फेरबदल हुआ हो सकता है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर यह स्पष्ट करने की मांग की है कि यदि किसी प्रकार की अनियमितता हुई है तो उसमें कौन-कौन जिम्मेदार है तथा भूमि हस्तांतरण के दौरान कौन-कौन से दस्तावेज प्रस्तुत किए गए थे। मिडिया को यह जानकारी गौ सेवक केदारनाथ शर्मा द्वारा दी गई।