राजस्थान में गोवंशों के साथ क्रूरता की दो घटनाओं से आक्रोश, ग्रामीणों ने की सख्त कार्यवाही की मांग।
By Shubh Bhaskar ·
22 May 2026 ·
20 views
राजस्थान में गोवंशों के साथ क्रूरता की दो घटनाओं से आक्रोश, ग्रामीणों ने की सख्त कार्यवाही की मांग।
*नागपाल शर्मा माचाड़ी की रिपोर्ट*
(माचाड़ीअलवर):- जयपुर- राजस्थान में श्रीगंगानगर व जोधपुर में गोवंश के साथ क्रूरता की दो अलग-अलग घटनाओं ने लोगों में भारी रोष पैदा कर दिया है। श्रीगंगानगर और जोधपुर ग्रामीण क्षेत्रों में गायों पर धारदार हथियारों से हमला किए जाने के मामलों के बाद ग्रामीणों ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और कठोर कार्यवाही की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। दोनों घटनाओं के बाद संबंधित गांवों में तनाव का माहौल बना हुआ है।
श्रीगंगानगर में गाय के चारों थन काटे
श्रीगंगानगर जिले की श्रीबिजयनगर तहसील के समीप 12 बीएलडी डबजाल गांव में एक गाय के साथ बेहद अमानवीय घटना सामने आई। गांव निवासी रामप्रताप ओड की गाय के चारों थन बीती रात अज्ञात व्यक्ति द्वारा काट दिए गए। सुबह घटना की जानकारी मिलते ही गांव में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए।
ग्रामीणों ने आशंका जताई कि यह हरकत किसी जंगली जानवर की नहीं बल्कि किसी व्यक्ति द्वारा की गई है। सूचना मिलने पर श्रीबिजयनगर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर मामले की जांच में जुटी हुई है।
ग्रामीणों और गौ प्रेमियों ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी तथा सख्त कार्यवाही की मांग की है। साथ ही गाय का चिकित्सकीय परीक्षण कराने की भी मांग उठाई गई। *वहीं दूसरी ओर जोधपुर में कुल्हाड़ी से चार गायों पर हमला*
जोधपुर ग्रामीण क्षेत्र के बिराई गांव स्थित रामबेरी ढाणी में चार गायों पर कुल्हाड़ी से हमला कर उन्हें घायल कर दिया गया। सुबह ग्रामीणों ने गायों की पीठ पर गहरे घाव देखे तो इलाके में आक्रोश फैल गया। सूचना पर बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंचे और खेड़ापा पुलिस को घटना की जानकारी दी गई।
मौके पर पहुंचे एएसआई चिमनाराम और पशु चिकित्सकों की टीम ने घायल गायों का उपचार शुरू कराया। बाद में घायलों को उपचार के लिए गो चिकित्सालय भेजा गया।
घटना से नाराज ग्रामीणों ने धरना प्रदर्शन करते हुए दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की। बाद में खेड़ापा थाना अधिकारी लाखाराम जाखड़ मौके पर पहुंचे और जल्द कार्यवाही का आश्वासन दिया। पुलिस ने मामले में सात संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
ग्रामीणों का कहना है कि गोवंश के साथ इस प्रकार की क्रूर घटनाएं समाज को झकझोरने वाली हैं और दोषियों के खिलाफ कठोरतम कार्यवाही होनी चाहिए।