पीपाड शहर में जिला कलक्टर आलोक रंजन ने किया औचक निरीक्षण, व्यवस्थाएं सुधारने के दिए कड़े निर्देश
By Shubh Bhaskar ·
22 May 2026 ·
28 views
पीपाड शहर में जिला कलक्टर आलोक रंजन ने किया औचक निरीक्षण, व्यवस्थाएं सुधारने के दिए कड़े निर्देश
बजट घोषणाओं और नगर पालिका के विकास कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित
पीपाड़ शहर। नवरत्न औझा।जिला कलक्टर आलोक रंजन ने गुरुवार को पीपाड़ शहर उपखंड क्षेत्र का दौरा कर उपखंड कार्यालय का आकस्मिक निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने पंचायत समिति कार्यालय में ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों और जनसुविधाओं की प्रगति का जायजा लिया। कलक्टर ने सख्त लहजे में अधिकारियों को निर्देशित किया कि गर्मी के मौसम में आमजन को पानी-बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान नहीं होना पड़े।उपखंड कार्यालय के निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर ने विभिन्न शाखाओं, रिकॉर्ड संधारण और कार्यप्रणाली का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने दफ्तर में साफ-सफाई और दस्तावेजों को सुव्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। कलक्टर रंजन ने कहा की प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता आमजन को त्वरित राहत पहुंचाना है। कार्यालय स्तर पर आने वाले परिवादों और मामलों का संवेदनशीलता के साथ समयबद्ध निस्तारण किया जाए। फाइलों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
गर्मी में हर ढाणी तक पानी सप्लाई हो
पंचायत समिति में आयोजित समीक्षा बैठक में जिला कलक्टर ने पेयजल संकट को लेकर जलदाय विभाग के अधिकारियों की क्लास ली। उन्होंने क्षेत्र में जलापूर्ति, टैंकरों के संचालन और ट्यूबवेल्स की वर्तमान स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि भीषण गर्मी को देखते हुए किसी भी बस्ती या अंतिम छोर (टेल एंड) तक जलापूर्ति प्रभावित नहीं होनी चाहिए। बंद पड़े ट्यूबवेल्स को तुरंत ठीक कराने और जरूरत पड़ने पर टैंकरों के माध्यम से अतिरिक्त जलापूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बिजली कटौती पर रोक और बजट घोषणाओं में तेजी के निर्देश
बैठक में कलक्टर ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को क्षेत्र में निर्बाध बिजली आपूर्ति बनाए रखने और फॉल्ट व शिकायतों का तुरंत निस्तारण करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही राज्य सरकार की बजट घोषणाओं के तहत स्वीकृत कार्यों को तय समय सीमा में और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने को कहा। उन्होंने नगर पालिका पीपाड़ शहर के विकास कार्यों की भी समीक्षा की और अधिकारियों को नियमित फील्ड मॉनिटरिंग करने की हिदायत दी।
इस महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक के दौरान पीपाड़ शहर उपखंड अधिकारी नेमा राम रॉयल,तहसीलदार मदनलाल गर्ग,अधिशासी अधिकारी रामकिशोर भाटी,विकास अधिकारी नरेन्द्र सोउ,सीबीओ नरेंद्र सिंह राठौड़, जिला अस्पताल पीएमओ मोहनलाल सीरवी, प्रोग्रामर सुनील व्यास सहित विभिन्न विभागों के ब्लॉक स्तरीय अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।