ShubhBhaskar
SHUBHBHASKAR
E Paper

यूनिवर्सिटी कॉलेज ऑफ़ होमियोपैथी, केकड़ी ने शुरू किया लू बचाव अभियान, नौतपा में बांटी जाएगी नि:शुल्क दवाइयां

By Shubh Bhaskar · 21 May 2026 · 11 views
यूनिवर्सिटी कॉलेज ऑफ़ होमियोपैथी, केकड़ी ने शुरू किया लू बचाव अभियान, नौतपा में बांटी जाएगी नि:शुल्क दवाइयां

शाहपुरा (भीलवाड़ा)-राजेन्द्र खटीक।

केकड़ी-भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान को देखते हुए यूनिवर्सिटी कॉलेज ऑफ़ होमियोपैथी, केकड़ी द्वारा बुधवार को बस स्टैंड परिसर में लू बचाव जन-जागरूकता शिविर एवं नि:शुल्क होम्योपैथिक औषधि वितरण अभियान का आयोजन किया गया। शिविर में आमजन को हीट स्ट्रोक एवं लू से बचाव के उपाय बताए गए तथा नि:शुल्क दवाइयों का वितरण किया गया।
शिविर में चिकित्सा प्रभारी डॉ. अंशुल चाहर के नेतृत्व में विभागाध्यक्ष फॉरेंसिक मेडिसिन डॉ. गौरव गुप्ता, सहायक आचार्य पैथोलॉजी विभाग डॉ. भारत शर्मा, सहायक आचार्य ऑर्गनन ऑफ मेडिसिन विभाग डॉ. भगवान सिंह बेरवा, कंपाउंडर प्रकाश जैन एवं कंपाउंडर वीरेंद्र प्रताप सिंह ने सेवाएं दीं।
शिविर के दौरान करीब 130 लोगों को लू एवं हीट स्ट्रोक से बचाव हेतु नि:शुल्क होम्योपैथिक औषधियां वितरित की गईं। चिकित्सकों ने नागरिकों को पर्याप्त पानी पीने, धूप में निकलने से बचने, सिर ढककर रखने तथा हल्के एवं सूती वस्त्र पहनने की सलाह दी। साथ ही दोपहर 12 बजे से 4 बजे के बीच अत्यधिक गर्मी में बाहर नहीं निकलने एवं शरीर में पानी व इलेक्ट्रोलाइट्स की कमी नहीं होने देने की बात कही।
चिकित्सकों ने बताया कि गर्मी के मौसम में नींबू पानी, छाछ, ओआरएस एवं ताजे फलों का सेवन स्वास्थ्य के लिए लाभकारी रहता है।
महाविद्यालय के प्राचार्य एवं चिकित्सालय अधीक्षक डॉ. पुनीत आर. शाह ने बताया कि आगामी नौतपा को देखते हुए 25 मई से 2 जून 2026 तक महाविद्यालय चिकित्सालय परिसर में प्रतिदिन नि:शुल्क होम्योपैथिक औषधियों का वितरण किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोगों को राहत एवं स्वास्थ्य लाभ मिल सके।
शिविर के सफल संचालन में भारत विकास परिषद के प्रकल्प प्रभारी रामगोपाल सैनी, सचिव रामनिवास जैन, शिवपाल सिंह, नंदलाल गर्ग एवं कैलाश जैन का विशेष सहयोग रहा।

More News

Share News

WhatsApp

X

Facebook

Telegram

Instagram

YouTube