लक्ष्मणगढ़ में छात्राओं के सर्वांगीण विकास हेतु योग प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित।
By Shubh Bhaskar ·
29 Apr 2026 ·
8 views
लक्ष्मणगढ़ में छात्राओं के सर्वांगीण विकास हेतु योग प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित।
*नागपाल शर्मा माचाड़ी की रिपोर्ट*
(माचाड़ीअलवर):- लक्ष्मणगढ़- लक्ष्मणगढ़ उपखंड क्षेत्र के राजकीय बालिका उच्च प्राथमिक विद्यालय, खेड़ा सारंगपुरी में छात्राओं के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए योग प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम श्री गोविंद देव परोपकारी ट्रस्ट के तत्वावधान में संपन्न हुआ, जिसमें पतंजलि वेलनेस के योगाचार्य केदार नाथ शर्मा ने विद्यार्थियों को योग की विभिन्न विधाओं का अभ्यास करवाया।
कार्यक्रम के दौरान योगाचार्य ने छात्राओं को सूर्य नमस्कार के 12 चरणों का अभ्यास करवाते हुए इसके शारीरिक एवं मानसिक लाभों की विस्तृत जानकारी दी। इसके साथ ही हलासन, चक्रासन और सर्वांगासन जैसे महत्वपूर्ण योगासनों का अभ्यास कराया गया, जो शरीर में लचीलापन बढ़ाने, रीढ़ को मजबूत करने, थायराइड संतुलन बनाए रखने एवं रक्त संचार को बेहतर बनाने में सहायक होते हैं। वहीं भ्रामरी प्राणायाम के माध्यम से तनाव नियंत्रण और मानसिक शांति बनाए रखने के उपाय भी बताए गए।
योग प्रशिक्षण के साथ-साथ विद्यार्थियों को आयुर्वेदिक दृष्टिकोण से नीम, गिलोय, आंवला, एलोवेरा, तुलसी, हल्दी एवं व्हीट ग्रास जैसे औषधीय पौधों के गुणों तथा उनके दैनिक जीवन में उपयोग के बारे में भी विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्र-छात्राओं में योग के प्रति जागरूकता बढ़ाना, उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना तथा उनकी एकाग्रता और रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत बनाना रहा। पतंजलि योगपीठ की पहल के अंतर्गत सरकारी विद्यालयों में इस प्रकार के नियमित योग प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
कार्यवाहक प्रधानाध्यापक सत्येंद्र कुमार एवं विद्यालय स्टाफ ने ट्रस्ट एवं योगाचार्य का आभार व्यक्त करते हुए ऐसे कार्यक्रमों को विद्यार्थियों के लिए अत्यंत लाभकारी बताया।
इस अवसर पर राजेश कुमार, मनमोहन मीणा, ललित कुमार, रवि मीणा, विमलेश मीणा, कपिल यादव, रविंद्र सिंह, रोनक सिंह, खुशबू, अदिति, अंजू सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।