ShubhBhaskar
SHUBHBHASKAR
E Paper

डीएम की सख्ती: सड़क हादसों पर लगाम के लिए कड़े निर्देश, ब्लैक स्पॉट सुधार तेज करने के आदेश

By Shubh Bhaskar · 28 Apr 2026 · 27 views
डीएम की सख्ती: सड़क हादसों पर लगाम के लिए कड़े निर्देश, ब्लैक स्पॉट सुधार तेज करने के आदेश


रिफ्लेक्टर, साइन बोर्ड और स्पीड लिमिट अनिवार्य — ई-रिक्शा रूट निर्धारण व स्कूल वाहनों की ऑनलाइन निगरानी पर जोर

शुभ भास्कर सम्वाददाता संतोष कुमार

उत्तर प्रदेश बलरामपुर
जनपद में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित व सुगम बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में सड़क सुरक्षा समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में विगत माह में हुई सड़क दुर्घटनाओं का गहन विश्लेषण किया गया। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी ने दुर्घटनाओं के प्रमुख कारणों, संवेदनशील स्थलों और यातायात संबंधी कमियों की विस्तार से जानकारी दी। इस पर जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि चिन्हित कारणों के आधार पर संबंधित विभाग तत्काल सुधारात्मक कार्यवाही सुनिश्चित करें, ताकि भविष्य में दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

ब्लैक स्पॉट पर विशेष फोकस
डीएम ने ब्लैक स्पॉट चिन्हांकन की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि सभी चिन्हित स्थलों पर स्पीड लिमिट बोर्ड, चेतावनी संकेतक और रिफ्लेक्टर अनिवार्य रूप से लगाए जाएं। साथ ही नहरों की पुलियों पर रिफ्लेक्टर लगाने पर विशेष जोर दिया गया, जिससे रात के समय दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।

यातायात सुधार के लिए अहम निर्देश
चौराहों और मुख्य मार्गों पर पेड़ों की नियमित छंटाई कर दृश्यता बेहतर करने के निर्देश दिए गए। नगर के वीर विनय चौराहे पर यातायात सुगमता हेतु डिवाइडर निर्माण की कार्ययोजना शीघ्र शुरू करने को कहा गया।

ई-रिक्शा संचालन होगा व्यवस्थित
बढ़ती जाम की समस्या को देखते हुए ई-रिक्शा के लिए निर्धारित रूट तय करने के निर्देश दिए गए, ताकि यातायात सुचारू रूप से संचालित हो सके।

विद्युत पोल शिफ्टिंग में तेजी के निर्देश
भगवतीगंज रोड पर विद्युत पोल शिफ्टिंग का कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश भी दिए गए।

स्कूल वाहनों की होगी ऑनलाइन निगरानी
डीएम ने स्कूल वाहनों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए कहा कि सभी वाहनों को पोर्टल पर ऑनबोर्ड कर उनकी नियमित मॉनिटरिंग की जाए। वर्तमान में 358 स्कूल वाहन पोर्टल से जोड़े जा चुके हैं, शेष को जल्द शामिल करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय, एआरटीओ, पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

More News

Share News

WhatsApp

X

Facebook

Telegram

Instagram

YouTube