नगर पालिका बलरामपुर में 436 कांशीराम आवास निरस्त, नए आवेदनों के लिए 30 अप्रैल से प्रक्रिया शुरू
By Shubh Bhaskar ·
28 Apr 2026 ·
15 views
नगर पालिका बलरामपुर में 436 कांशीराम आवास निरस्त, नए आवेदनों के लिए 30 अप्रैल से प्रक्रिया शुरू
तीन चरणों के सत्यापन में बड़ा खुलासा—234 आवास बंद, 202 में अवैध कब्जा; पात्र लाभार्थियों से 10 मई तक आवेदन आमंत्रित
शुभ भास्कर सम्वाददाता संतोष कुमार
उत्तर प्रदेश बलरामपुर
नगर पालिका परिषद बलरामपुर में मा० कांशीराम आवास योजना के तहत आवास आवंटन में पारदर्शिता लाने के लिए प्रशासन ने कड़ा कदम उठाया है। डीएम के निर्देशन में गठित टीम द्वारा तीन चरणों में किए गए स्थलीय सत्यापन में गंभीर अनियमितताएं सामने आईं।
जांच में पाया गया कि 234 आवासों पर ताले लटके हुए थे, जबकि 202 आवासों में अवैध रूप से लोग निवास कर रहे थे। नियमों के उल्लंघन और अपात्रता के आधार पर कुल 436 आवासों का आवंटन तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया गया है।
प्रशासन द्वारा निरस्त आवासों की सूची को सार्वजनिक कर दिया गया है, जिसे नगर पालिका परिषद, तहसील बलरामपुर सदर एवं खंड विकास अधिकारी कार्यालय के नोटिस बोर्ड पर देखा जा सकता है।
अब इन रिक्त हुए आवासों के पुनः आवंटन के लिए पात्र लाभार्थियों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इच्छुक आवेदक 30 अप्रैल 2026 से 10 मई 2026 तक जिला नगरीय विकास अभिकरण (डूडा), कलेक्ट्रेट परिसर, बलरामपुर से आवेदन पत्र प्राप्त कर जमा कर सकते हैं। आवेदन जमा करने का समय प्रातः 10:00 बजे से सायं 05:00 बजे तक निर्धारित किया गया है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित अंतिम तिथि 10 मई 2026 के बाद किसी भी आवेदन पर विचार नहीं किया जाएगा।