नारी शक्ति का स्वाभिमान” सम्मेलन में उमड़ा जनसैलाब, विपक्ष के खिलाफ महिलाओं का प्रदर्शन
By Shubh Bhaskar ·
28 Apr 2026 ·
24 views
“नारी शक्ति का स्वाभिमान” सम्मेलन में उमड़ा जनसैलाब, विपक्ष के खिलाफ महिलाओं का प्रदर्शन
महिला सम्मेलन सम्पन्न, राहुल गांधी व अखिलेश यादव का पुतला दहन
शुभ भास्कर सम्वाददाता संतोष कुमार
उत्तर प्रदेश बलरामपुर।
जिला पंचायत सभागार में “नारी शक्ति का स्वाभिमान, विपक्ष ने फिर किया अपमान” विषय पर जन आक्रोश महिला सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। सम्मेलन में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया और नारी सम्मान एवं अधिकारों की रक्षा का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश सरकार के प्रभारी मंत्री राजेश सचान रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि महिलाओं का सम्मान और सशक्तिकरण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करा रही हैं और देश की प्रगति में अहम भूमिका निभा रही हैं।
उन्होंने विपक्ष पर आरोप लगाते हुए कहा कि कुछ राजनीतिक दल महिलाओं के सम्मान को ठेस पहुंचाने वाले बयान देकर समाज में गलत संदेश दे रहे हैं, जिसका विरोध आवश्यक है।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए सदर विधायक एवं पूर्व राज्य मंत्री पल्टूराम ने कहा कि नारी शक्ति समाज की आधारशिला है और उनके सम्मान से ही समाज का विकास संभव है। उन्होंने कहा कि सरकार महिलाओं की सुरक्षा, शिक्षा और आत्मनिर्भरता के लिए लगातार योजनाएं चला रही है।
कार्यक्रम में अंजली मिश्र, ललिता तिवारी सहित कई वक्ताओं ने अपने विचार रखे और महिलाओं से अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया। वक्ताओं ने कहा कि अब महिलाएं किसी भी प्रकार के अन्याय को सहन नहीं करेंगी और अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाती रहेंगी।
सम्मेलन के दौरान महिला सशक्तिकरण, आत्मनिर्भरता और सामाजिक समानता जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम के अंत में जिला पंचायत सभागार से पदयात्रा निकाली गई, जो संतोषी माता मंदिर के पास पहुंचकर विरोध प्रदर्शन में बदल गई। यहां महिलाओं ने राहुल गांधी और अखिलेश यादव का पुतला दहन कर अपना आक्रोश व्यक्त किया।
इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष आरती तिवारी, जनप्रतिनिधि, महिला पदाधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय महिलाएं उपस्थित रहीं।