ShubhBhaskar
SHUBHBHASKAR
E Paper

शादी का ऑनलाइन कार्ड खोलते ही खाली हो सकता है बैंक खाता, *राजस्थान पुलिस की एडवाइजरी जारी।*

By Shubh Bhaskar · 26 Apr 2026 · 19 views
शादी का ऑनलाइन कार्ड खोलते ही खाली हो सकता है बैंक खाता, *राजस्थान पुलिस की एडवाइजरी जारी।*


*नागपाल शर्मा माचाड़ी की रिपोर्ट*

(माचाड़ीअलवर):- जयपुर- जयपुर वेडिंग सीजन के बीच साइबर अपराधियों ने ठगी का नया तरीका अपनाया है। अब जालसाज व्हाट्सएप पर शादी के डिजिटल निमंत्रण पत्र के नाम पर खतरनाक लिंक और फाइल भेजकर लोगों को निशाना बना रहे हैं। इस संबंध में राजस्थान पुलिस की साइबर क्राइम शाखा ने एडवाइजरी जारी कर आमजन से सतर्क रहने की अपील की है।
एडीजी साइबर क्राइम वी.के. सिंह के निर्देश पर जारी चेतावनी में डीआईजी साइबर क्राइम शांतनु कुमार सिंह ने बताया कि ठग लोगों की भावनाओं का फायदा उठाते हुए “शादी के कार्ड” के नाम पर मैलवेयर और फिशिंग लिंक भेज रहे हैं। इन पर क्लिक करते ही मोबाइल की निजी जानकारी चोरी हो सकती है और बैंक खाता तक खाली किया जा सकता है।
*ठगी के ०3 खतरनाक तरीके*
1. APK फाइल फ्रॉड:
अपराधी “Marriage.apk” नाम की फाइल भेजते हैं। इसे डाउनलोड या इंस्टॉल करते ही मोबाइल का कंट्रोल (कैमरा, माइक, SMS) हैकर के पास पहुंच जाता है और वे OTP चुराकर बैंक खाते से पैसे निकाल लेते हैं।
2. *फिशिंग लिंक फ्रॉड*:
इसमें एक लिंक (जैसे bit-ly/wedding-invite) भेजा जाता है। क्लिक करने पर नकली वेबसाइट खुलती है, जहां मोबाइल नंबर या बैंक डिटेल्स मांगी जाती हैं या फिर जासूसी सॉफ्टवेयर अपने आप डाउनलोड हो जाता है।
3. *इमोशनल ब्लैकमेल फ्रॉड*:
हैकर किसी परिचित का अकाउंट हैक कर मैसेज भेजते हैं—“भाई, शादी का कार्ड भेजा है, जल्दी देखकर बताओ।” जान-पहचान के कारण लोग बिना सोचे लिंक खोल देते हैं और ठगी का शिकार हो जाते हैं।
*बचाव के उपाय*
किसी भी फाइल का एक्सटेंशन जरूर जांचें, .apk फाइल को भूलकर भी इंस्टॉल न करें।
मोबाइल में “Google Play Protect” हमेशा ऑन रखें।
संदिग्ध लिंक या कार्ड मिलने पर संबंधित व्यक्ति से फोन कर पुष्टि करें।
bit.ly या tinyurl जैसे छोटे लिंक पर क्लिक करने से पहले सावधानी बरतें।
*ठगी होने पर यहां करें शिकायत*
यदि आप साइबर ठगी का शिकार होते हैं, तो तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या साइबर पोर्टल cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करें। साथ ही नजदीकी पुलिस स्टेशन या साइबर पुलिस स्टेशन से भी संपर्क करें।
राजस्थान पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सतर्क रहें और किसी भी अनजान लिंक या फाइल को खोलने से पहले पूरी जांच-पड़ताल जरूर करें।

More News

Share News

WhatsApp

X

Facebook

Telegram

Instagram

YouTube