अलवर: एटक ने मनाया लेनिन जयंती, ०1 मई को मजदूर दिवस मनाने का लिया निर्णय।
By Shubh Bhaskar ·
22 Apr 2026 ·
25 views
अलवर: एटक ने मनाया लेनिन जयंती, ०1 मई को मजदूर दिवस मनाने का लिया निर्णय।
*नागपाल शर्मा माचाड़ी की रिपोर्ट*
(माचाड़ीअलवर):-अलवर- अखिल भारतीय ट्रेड यूनियन कांग्रेस (एटक) अलवर की एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन का. राजकुमार बक्शी की अध्यक्षता में किया गया। बैठक में 22 अप्रैल को महान क्रांतिकारी नेता व्लादिमीर इलिच लेनिन की 156वीं जयंती श्रद्धापूर्वक मनाई गई।
इस अवसर पर का. हरिओम चुघ द्वारा लेनिन के चित्र पर माल्यार्पण किया गया तथा सभी साथियों ने पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। वक्ताओं ने लेनिन के जीवन पर प्रकाश डालते हुए बताया कि उनका जन्म 22 अप्रैल 1870 को हुआ था। उन्होंने 1917 की बोल्शेविक क्रांति का नेतृत्व कर दुनिया के पहले कम्युनिस्ट राज्य की स्थापना की और आधुनिक इतिहास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
बैठक में बताया गया कि लेनिन ने अपने विचारों में प्रत्येक देश की परिस्थितियों के अनुसार क्रांति की रणनीति तय करने पर जोर दिया। उनके जीवन से संगठन, अनुशासन, राजनीतिक चेतना और परिस्थितियों के अनुसार लचीलेपन जैसे महत्वपूर्ण संदेश मिलते हैं। वर्तमान दौर में बढ़ती कॉरपोरेट शक्ति और असमानता के बीच उनके विचार आज भी प्रासंगिक हैं।
एटक ने निर्णय लिया कि ०1 मई को मजदूर दिवस विभिन्न मांगों को लेकर मनाया जाएगा। इन मांगों में मजदूरों के शोषण पर रोक, न्यूनतम मजदूरी में वृद्धि, ०8 घंटे कार्य दिवस, साप्ताहिक अवकाश, अतिरिक्त कार्य पर दोगुना भुगतान, बोनस, पीएफ एवं ईएसआई की अनिवार्यता, समय पर वेतन भुगतान तथा पे-स्लिप की व्यवस्था शामिल हैं। साथ ही सरकार से चार श्रम संहिताओं को वापस लेने की मांग भी की गई।
हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी सभी कार्यकर्ता एटक कार्यालय पर एकत्रित होकर रैली में भाग लेंगे।
बैठक में का. राजकुमार बक्शी, गजराज सिंह, मनमोहन सैनी, पदम शर्मा, बनवारीलाल, मुकेश सैनी सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।