कोटा पुलिस का ‘ऑपरेशन गरुड़’ सफल: रानपुर में 125 ग्राम चरस के साथ तस्कर गिरफ्तार।
By Shubh Bhaskar ·
08 Apr 2026 ·
110 views
दैनिक शुभ भास्कर
संवाददाता सुरेश कुमार पटेरिया
कोटा पुलिस का ‘ऑपरेशन गरुड़’ सफल: रानपुर में 125 ग्राम चरस के साथ तस्कर गिरफ्तार।
कोटा शहर पुलिस थाना रानपूर अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ कोटा शहर पुलिस ने एक बार फिर बड़ी कामयाबी हासिल की है। जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के निर्देशन में चलाए जा रहे 'ऑपरेशन गरुड़' के तहत रानपुर थाना पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान एक शातिर तस्कर को दबोचा है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 125 ग्राम अवैध चरस बरामद की है और तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को भी ज़ब्त कर लिया है।
पुलिस को देख मोड़ी बाइक, पर बच नहीं सका तस्कर
जानकारी के अनुसार, प्रशिक्षु आरपीएस और रानपुर थानाधिकारी वीरेन्द्र सिंह भाटी के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में सघन नाकाबंदी कर रही थी। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल सवार पुलिस के बैरिकेड्स देखकर घबरा गया और पीछे मुड़कर भागने की कोशिश करने लगा। सतर्क पुलिस टीम ने तुरंत घेराबंदी कर उसे धर दबोचा।
पैंट की जेब से निकली चरस की थैली
जब पुलिस ने संदिग्ध व्यक्ति की तलाशी ली, तो उसकी पैंट की जेब से एक पारदर्शी थैली मिली, जिसमें 125 ग्राम काली चरस भरी हुई थी। गिरफ्तार आरोपी की पहचान रफीक मोहम्मद (58) उर्फ भूरिया, निवासी बड़ी करबला, कोटा के रूप में हुई है।
इनकी रही मुख्य भूमिका
इस सफल कार्रवाई में प्रशिक्षु थानाधिकारी वीरेन्द्र सिंह भाटी के साथ उप-निरीक्षक भीम सिंह, कांस्टेबल धर्मेन्द्र, योगेन्द्र, वीरेन्द्र और भूपेन्द्र की विशेष भूमिका रही। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी यह चरस कहाँ से लाया था और शहर में किसे सप्लाई करने वाला था।