मांडलगढ़ उप जिला चिकित्सालय को सोनोग्राफी मशीन का 6 माह से शुभारंभ होने का है इंतजार मांडलगढ़ उपजिला चिकित्सालय के सामने प्राइवेट दुकानों पर मजबूरन ऊंची दर से सोनोग्राफी कराने को विवश है क्षेत्रवासी
By Shubh Bhaskar ·
03 Apr 2026 ·
24 views
मांडलगढ़ उप जिला चिकित्सालय को सोनोग्राफी मशीन का 6 माह से शुभारंभ होने का है इंतजार
मांडलगढ़ उपजिला चिकित्सालय के सामने प्राइवेट दुकानों पर मजबूरन ऊंची दर से सोनोग्राफी कराने को विवश है क्षेत्रवासी
शाहपुरा-राजेन्द्र खटीक।
मांडलगढ़-प्रदेश सरकार द्वारा संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने के लिए तमाम योजनाएं चलाई जा रही हैं, लेकिन उपखण्ड मुख्यालय पर स्थित उप जिला चिकित्सालय में सोनोग्राफी मशीन उपलब्ध होने के बावजूद सुविधा नहीं है जिसके चलते क्षेत्रवासियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है वहीं बाहर से मरीज को सोनोग्राफी करवाना जेब पर भारी पड़ रहा है। नगर स्थित उप जिला चिकित्सालय पर सोनोग्राफी मशीन उपलब्ध होने के बावजूद चालू नही करने से क्षेत्र की गर्भवती महिलाओ और अन्य मरीजों को जांच के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। अस्पताल में इलाज कराने के लिए आने वाले मरीजों को जरूरत पड़ने और गर्भवती महिलाओं को प्रसव पूर्व डॉक्टर सोनोग्राफी की सलाह देते हैं। इसके चलते उप जिला चिकित्सालय में सोनोग्राफी मशीन का संचालन विधिवत रूप से आवश्यक है लेकिन अस्पताल प्रशासन की अनदेखी के चलते डीएमफटी फंड से मिली 25 लाख रुपए की सोनोग्राफी मशीन विगत करीब 7 माह से अस्पताल परिसर के चैम्बर में धूल चाट रही है। उपजिला स्वास्थ्य केंद्र पर सोनोग्राफी मशीन के उपलब्ध होने के बावजूद चालू नही होने से ग्रामीण अंचल के मरीजों और प्रसूताओं को जिला अस्पताल जाकर या प्राइवेट लेब में जांच करवाना मजबूरी बना हुआ है व मनमानी राशि क्षेत्रवासियों से वसूली जा रही है जिसमें गरीब वर्ग के लोग इस अतिरिक्त खर्च को वहन कर आर्थिक परेशानी से जूझना पड़ रहा हैं। नगर के साथ क्षेत्रवासियों ने उप जिला अस्पताल में सोनोग्राफी मशीन मांग की।
क्यो आवश्यक है सोनोग्राफी मशीन
गर्भाशय में बच्चे की स्थिति का पता लगाने के लिए की वो ठीक से पल-बढ़ रहा है या नही इसलिए स्त्री रोग विशेषज्ञ गर्भवती महिला की सोनोग्राफी कराते हैं
तीन बार होती है जांच
किसी गर्भवती महिला को गर्भधारण से प्रसव तक डॉक्टरी सलाह पर तीन बार सोनोग्राफी कराना होती है। जिसमें तीसरे महीने, छठवें और नौवें महीने में यह जांच करना पड़ती है।
इनका कहना
उपजिला जिला चिकित्सालय पर सोनोग्राफी मशीन को चालू करने की सभी प्रक्रियाएं लंबे समय से पूर्ण कर ली थी व सम्बंधित अधिकारी को सोनोग्राफी मशीन चालू करने के लिए नोटिस दिए गए थे । इस स्तिथि से उच्च अधिकारियों को अवगत करवाया गया है-
डॉ मनीष पुरोहित,चिकित्सा प्रभारी,उप जिला चिकित्सालय मांडलगढ़, भीलवाड़ा।
मांडलगढ़ उपजिला चिकित्सालय में
सोनोग्राफी मशीन बन्द होने की जानकारी मिली है तत्काल प्रभाव से आवश्यक कार्यवाही कर क्षेत्रवासियों को सोनोग्राफी मशीन की सेवाएं उपलब्ध करवा दी जायेगी-डॉ संजीव शर्मा,जिला चिकित्सा अधिकारी,भीलवाड़ा