बलरामपुर महोत्सव हेतु विशेष बस सेवा शुरू, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
By Shubh Bhaskar ·
02 Apr 2026 ·
13 views
बलरामपुर महोत्सव हेतु विशेष बस सेवा शुरू, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
शुभ भास्कर सम्वाददाता संतोष कुमार
उत्तर प्रदेश बलरामपुर।
जनपद में आयोजित हो रहे बहुप्रतीक्षित बलरामपुर महोत्सव के अवसर पर आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन द्वारा विशेष यात्री बस सेवा शुरू कर दी गई है। यह व्यवस्था महोत्सव के समापन तक प्रभावी रहेगी, जिससे दूर-दराज क्षेत्रों से आने वाले लोगों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
परिवहन निगम द्वारा दो प्रमुख रूटों पर बसों का संचालन किया जा रहा है, जिसमें बलरामपुर से उतरौला, रेहरा, सादुल्लानगर तथा बलरामपुर से श्रावस्ती रूट शामिल हैं। इसके अलावा निजी बसों के माध्यम से भी कई मार्गों पर सेवा उपलब्ध कराई गई है। इनमें बलरामपुर से तुलसीपुर, गैसड़ी, पचपेड़वा, उतरौला, रेहरा, सादुल्लानगर एवं मथुरा बाजार रूट प्रमुख हैं।
बसों के सुचारू संचालन के लिए पीपल तिराहा को मुख्य पार्किंग स्थल निर्धारित किया गया है। महोत्सव में आने वाले आगंतुकों के वाहनों हेतु कुल पांच पार्किंग स्थलों की व्यवस्था की गई है, जिससे यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे।
महोत्सव का आयोजन बड़ा परेड ग्राउंड में किया जा रहा है। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। पुलिस विभाग द्वारा सीओ सिटी को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। भीड़ नियंत्रण के लिए महोत्सव क्षेत्र में छह बैरियर लगाए गए हैं तथा पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है।
महोत्सव यातायात व्यवस्था के लिए अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है, जिनमें प्राइवेट बसों के लिए आरिफ, रोडवेज के लिए फोरमैन चन्द्रिका प्रसाद एवं परिवहन विभाग की ओर से यात्रीकर अधिकारी मदन चन्द्र शामिल हैं।
प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे निर्धारित रूट एवं पार्किंग व्यवस्था का पालन करें, जिससे महोत्सव का आयोजन सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।