खाकी का खौफ: होटल में 'टेबल' साफ करने पर खूनी संघर्ष करने वाले 4 हमलावर दबोचे।
By Shubh Bhaskar ·
31 Mar 2026 ·
32 views
दैनिक शुभ भास्कर
संवाददाता सुरेश कुमार पटेरिया
खाकी का खौफ: होटल में 'टेबल' साफ करने पर खूनी संघर्ष करने वाले 4 हमलावर दबोचे।
बोरखेड़ा पुलिस की बड़ी कामयाबी; रेस्टोरेंट में लोहे की रॉड और कांच की बोतलों से किया था जानलेवा हमला
कोटा पुलिस ने 'अपराधियों में डर और आमजन में विश्वास' के अपने ध्येय को चरितार्थ करते हुए एक बड़ी सफलता हासिल की है। शहर पुलिस अधीक्षक तेजस्वी गौतम (IPS) के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत, बोरखेड़ा थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास (Attempt to Murder) के मामले में फरार चल रहे चार शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
मामूली कहासुनी और फिर खूनी तांडव
घटना 2 मार्च 2026 की है, जब बारां रोड स्थित 'रावला रेस्टोरेंट' में सिंह राणावत अपने दोस्तों के साथ खाना खा रहे थे। तभी पास की टेबल पर बैठे आरोपियों से टेबल साफ करने की बात को लेकर मामूली कहासुनी हुई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने आपा खो दिया और पीड़ित पर लोहे की रॉड तथा कांच की बोतलों से जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में पीड़ित के सिर और पीठ पर गंभीर चोटें आई थीं।
पुलिस की रडार पर आए ये चार 'विलेन'
पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों की सूचना पर घेराबंदी कर इन चार आरोपियों को दबोचा:
भूपेंद्र सिंह उर्फ अभय (24) - निवासी दादाबाड़ी।
विकास जांगिड़ (21) - निवासी बोरखेड़ा।
अमन राठौर (24) - निवासी महावीर नगर।
राहुल यादव (31) - निवासी आरकेपुरम।
सख्त कानूनी शिकंजा
बोरखेड़ा थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 110 और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस अब आरोपियों को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लेगी, ताकि वारदात में इस्तेमाल हथियार बरामद किए जा सकें। इस कार्रवाई से इलाके के बदमाशों में हड़कंप मच गया है।