वादा खिलाफी की मार झेल रहा नीमला गांव, ०3 महीने बाद भी बूंद-बूंद को तरसे ग्रामीण! कलेक्टर के सामने किया वादा भूला PHED विभाग, जल जीवन मिशन के दावे खोखले!
By Shubh Bhaskar ·
28 Mar 2026 ·
15 views
वादा खिलाफी की मार झेल रहा नीमला गांव, ०3 महीने बाद भी बूंद-बूंद को तरसे ग्रामीण!
कलेक्टर के सामने किया वादा भूला PHED विभाग,
जल जीवन मिशन के दावे खोखले!
*नागपाल शर्मा माचाड़ी की रिपोर्ट*
(माचाड़ीअलवर):- राजगढ़- राजगढ जल जीवन मिशन के तहत ‘हर घर जल’ का सपना राजगढ़ उपखंड के गांव नीमला में अधूरा और खोखला साबित हो रहा है। मार्च का महीना समाप्ति की ओर है और गर्मी ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है, लेकिन गांव के लोगों को आज भी पानी की एक-एक बूंद के लिए भटकना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि 18 दिसंबर को जिला कलेक्टर आर्तिका शुक्ला के गांव दौरे के दौरान जलदाय विभाग (PHED) के अधिकारियों ने भरोसा दिलाया था कि ०1 जनवरी से गांव में नियमित जलापूर्ति शुरू कर दी जाएगी। लेकिन वादा किए तीन महीने बीत जाने के बावजूद स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ है।
गांव में जल जीवन मिशन (JJM) के तहत पाइपलाइन डालने के लिए कई सड़कों को खोदा गया था, लेकिन विभाग ने आज तक उनकी मरम्मत नहीं कराई। नतीजतन गांव की सड़कें गड्ढों और धूल से अटी पड़ी हैं, जिससे ग्रामीणों का पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। बुजुर्ग, महिलाएं और स्कूली बच्चों को सबसे ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि जब इस संबंध में जलदाय विभाग के अधिकारियों से संपर्क किया जाता है, तो वे यह कहकर जिम्मेदारी से बच निकलते हैं कि उनका काम पूरा हो चुका है। इससे गांव में लोगों में भारी रोष व्याप्त है।
एक तरफ सरकार ‘हर घर जल’ का दावा कर रही है, वहीं दूसरी तरफ जिम्मेदार अधिकारियों की लापरवाही से सरकार की छवि धूमिल हो रही है। गांव के लोगों का कहना है कि न तो पीने का पानी मिला और न ही चलने के लिए सुरक्षित सड़क।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही जलापूर्ति शुरू नहीं की गई और टूटी सड़कों की मरम्मत नहीं हुई, तो वे उपखंड मुख्यालय पर उग्र प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे। वहीं राजगढ़ कस्बे के कुंड पर मुकेश छिपी,राजु सिद्ध,संतोष माई बाप,किन्नर समाज तहसील अध्यक्ष रेखाबाई किन्नर व शिवानी बाई किन्नर ने कुंड मोहल्ले में पाईप लाईन को दुसरी लाइन से जुडवाये जाने की मांग की है ताकि मोहल्ले में पानी की समस्या से छुटकारा मिल सके।