घटिया सामग्री से बन रही सड़क, चौड़ाई कम करने पर लोगों में रोष।
By Shubh Bhaskar ·
25 Mar 2026 ·
42 views
घटिया सामग्री से बन रही सड़क, चौड़ाई कम करने पर लोगों में रोष।
*नागपाल शर्मा माचाड़ी की रिपोर्ट*
(माचाडीअलवर):-अलवर- अलवर नगर निगम द्वारा ट्रांसपोर्ट नगर एनईबी एक्सटेंशन क्षेत्र में सड़क निर्माण कार्य जारी है, लेकिन निर्माण की गुणवत्ता और सड़क की चौड़ाई को लेकर स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है।
जानकारी के अनुसार ट्रांसपोर्ट नगर स्थित मस्जिद से रेलवे लाइन तक सड़क निर्माण का ठेका नगर निगम द्वारा एक ठेकेदार को दिया गया है। निर्माण कार्य शुरू होने से पहले इस मार्ग पर आवासन मंडल द्वारा करीब तीन फुट चौड़ा डिवाइडर बनाया गया, जिससे सड़क की कुल चौड़ाई पहले ही कम हो गई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क के दोनों ओर पर्याप्त खाली जगह होने के बावजूद ठेकेदार द्वारा सड़क को चौड़ा नहीं किया जा रहा। सूत्रों के अनुसार सड़क को दोनों तरफ से करीब पांच-पांच फुट तक और बढ़ाया जाना चाहिए, ताकि यातायात सुचारु रूप से चल सके और दुर्घटनाओं की आशंका कम हो।
कॉलोनी वासियों ने आरोप लगाया कि निर्माण कार्य के दौरान नगर निगम का कोई जिम्मेदार अधिकारी मौके पर मौजूद नहीं रहता, जिससे ठेकेदार मनमानी कर रहा है। लोगों का यह भी कहना है कि सड़क निर्माण में निर्धारित मानकों के अनुरूप सामग्री का उपयोग नहीं किया जा रहा, बल्कि घटिया सामग्री से काम चलाया जा रहा है।
गौरतलब है कि यह सड़क करीब दो वर्ष पहले ही बनाई गई थी, लेकिन खराब निर्माण के चलते जल्द ही टूट-फूट का शिकार हो गई। अब दोबारा निर्माण के बावजूद गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे हैं।
क्षेत्रवासियों ने नगर निगम आयुक्त से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और सड़क की चौड़ाई बढ़ाते हुए गुणवत्तापूर्ण निर्माण सुनिश्चित किया जाए, ताकि भविष्य में दुर्घटनाओं से बचा जा सके और लोगों को बेहतर सुविधा मिल सके।