गौ पुत्र संत धर्मदास महाराज ने कार्यकर्ताओं से साझा की “मन की बात”, गौ सेवा को बताया जीवन का उद्देश्य।
By Shubh Bhaskar ·
23 Mar 2026 ·
33 views
गौ पुत्र संत धर्मदास महाराज ने कार्यकर्ताओं से साझा की “मन की बात”, गौ सेवा को बताया जीवन का उद्देश्य।
*नागपाल शर्मा माचाड़ी की रिपोर्ट*
(माचाड़ीअलवर):- आगरा- आगरा ब्रजवासी गौ रक्षक सेना भारत संगठन के राष्ट्रीय स्तर पर सक्रिय संत एवं गौ सेवक गौ पुत्र संत धर्मदास महाराज ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अपने मन की बात साझा की। उन्होंने कहा कि संगठन पूरे देश में निस्वार्थ भाव से 24 घंटे गौ माताओं और सनातन धर्म की सेवा एवं रक्षा में लगा हुआ है और वे स्वयं को केवल “सेवक” मानते हैं।
संत धर्मदास महाराज ने भावुक शब्दों में कहा कि “हम तो गौ माता के दास हैं, जो कार्य हमें मिला है उसे पूरी निष्ठा से निभा रहे हैं। जिस दिन समय आएगा, हम भी बड़े भाई की तरह गौ माता के चरणों में समर्पित हो जाएंगे।” उन्होंने सरकार और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि कई बार लापरवाही देखकर मन व्यथित होता है, लेकिन उनका संकल्प अडिग है।
उन्होंने बताया कि श्री राधे ब्रजवासी गौशाला ट्रस्ट द्वारा मथुरा जिले में सैकड़ों गौ माताओं की सेवा की जा रही है। साथ ही, बरेली जिले की बहेड़ी तहसील के केशवपुर में संगठन द्वारा एक बीघा भूमि खरीदकर नई गौशाला निर्माण की तैयारी की जा रही है, जिसका भूमि पूजन भी हो चुका है। आने वाले समय में यहां बड़े स्तर पर गौ सेवा कार्य शुरू होगा।
संत धर्मदास महाराज ने संगठन के विस्तार और इतिहास पर प्रकाश डालते हुए बताया कि देश के विभिन्न राज्यों में गौ सेवा के प्रति जागरूकता बढ़ी है। हरियाणा के सोनीपत और झज्जर जिलों में उनके शिष्यों द्वारा गौ माता को “राज्य माता” घोषित कराने के प्रयासों का भी उल्लेख किया। राजस्थान के जोधपुर जिले में भी संगठन को भूमि दान मिलने की बात उन्होंने साझा की।
उन्होंने कहा कि उनका जीवन गौ माताओं और कार्यकर्ताओं के लिए समर्पित है और उन्होंने आज तक किसी भी कार्यकर्ता से व्यक्तिगत खर्च के लिए कोई धन नहीं लिया। “हम गौ माता के भरोसे ही निकल पड़ते हैं,” उन्होंने कहा।
अंत में संत धर्मदास महाराज ने संगठन को मजबूत बनाने की प्रतिबद्धता दोहराते हुए बताया कि राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपकर गौ सेवा से जुड़े मुद्दों को उठाया गया है, ताकि भविष्य में किसी भी कार्यकर्ता को परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि यदि समय आया तो वे भी अपने आदर्शों की तरह समाज और गौ रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान देने से पीछे नहीं हटेंगे।