गौ माता के सम्मान में सक्रिय ब्रजवासी गौ रक्षक सेना, दो स्थानों पर बचाई गई जान।
By Shubh Bhaskar ·
23 Mar 2026 ·
15 views
गौ माता के सम्मान में सक्रिय ब्रजवासी गौ रक्षक सेना, दो स्थानों पर बचाई गई जान।
*नागपाल शर्मा माचाड़ी की रिपोर्ट*
(माचाड़ीअलवर):-राजगढ़- अलवर जिले के राजगढ़ क्षेत्र में ब्रजवासी गौ रक्षक सेना भारत संगठन की राजस्थान प्रदेश टीम ने गौसेवा का सराहनीय उदाहरण प्रस्तुत करते हुए दो अलग-अलग घटनाओं में संकटग्रस्त गौ माता की जान बचाई।
पहली घटना राजगढ़ के नीमला गांव की है, जहां एक गौ माता दलदल में फंस गई। इसकी सूचना संगठन के मीडिया प्रभारी नरेंद्र शर्मा उर्फ नेमी नीमला ने प्रदेश अध्यक्ष सुरेश पुजारी को दी। सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से कड़ी मशक्कत कर गौ माता को सुरक्षित बाहर निकाला गया। समय रहते किए गए इस प्रयास से गौ माता की जान बच सकी।
इस अवसर पर संगठन पदाधिकारियों ने नेमी नीमला का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी तत्परता से यह संभव हो पाया। साथ ही आमजन से अपील की गई कि यदि कहीं भी गौ माता किसी संकट में दिखाई दे, तो तुरंत संगठन को सूचना दें। टीम 24 घंटे गौसेवा के लिए तत्पर रहती है।
दूसरी घटना राजगढ़ के भिगोता गांव की है, जहां एक गाय गंभीर स्थिति में पाई गई। सूचना मिलने पर बसवा और राजपुर टीम तुरंत मौके पर पहुंची। टीम ने गाय को सुरक्षित पकड़कर वाहन के माध्यम से राजपुर गौशाला पहुंचाया। इस दौरान वाहन का खर्च सकट निवासी कैलाश द्वारा स्वयं वहन किया गया।
गौशाला पहुंचने के बाद चिकित्सक को बुलाकर गाय का उपचार शुरू कराया गया, जिससे उसकी स्थिति में सुधार होने की उम्मीद जताई जा रही है।
इन दोनों घटनाओं के दौरान ब्रजवासी गौ रक्षक सेना के प्रदेश अध्यक्ष सुरेश पुजारी, प्रदेश उपाध्यक्ष जितेंद्र योगी, हर्षित दाधीच, उमाशंकर शर्मा, राजेश गुर्जर, अमर सिंह गुर्जर, बच्चू राम रैबारी, श्याम चौधरी सहित अन्य गौसेवक मौजूद रहे।
संगठन ने पुनः आमजन से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि गौसेवा एक पुण्य कार्य है और इसमें समाज की भागीदारी अत्यंत आवश्यक है।