बे मौसम बारिश से गेहूं की फसल चौपट, किसान परेशान — *नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने किया दौरा*
By Shubh Bhaskar ·
20 Mar 2026 ·
54 views
बे मौसम बारिश से गेहूं की फसल चौपट, किसान परेशान — *नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने किया दौरा*
*नागपाल शर्मा माचाड़ी की रिपोर्ट*
(माचाड़ीअलवर):- अलवर- चैत्र माह में हुई बे मौसम बारिश ने रबी की फसलों पर कहर बरपा दिया है। जिले के बहुत से क्षेत्र में गुरुवार रात और शुक्रवार को हुई बारिश के बाद खेतों में खड़ी गेहूं की फसल आड़ी गिर गई, जिससे किसानों को भारी नुकसान का सामना करना पड़ रहा है। हालात ऐसे हैं कि किसान अब “खून के आंसू” रोने को मजबूर हैं।
सूचना मिलते ही नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने अलवर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के करीब एक दर्जन गांवों का दौरा किया और मौके पर पहुंचकर प्रभावित किसानों से बातचीत की। उन्होंने खेतों में गिरी फसल का जायजा लेते हुए कहा कि अब गेहूं की फसल दोबारा खड़ी नहीं हो पाएगी, जिससे उत्पादन और गुणवत्ता दोनों पर गंभीर असर पड़ेगा। अनुमान है कि इस बार उत्पादन आधा रह सकता है, साथ ही पशुओं के लिए चारा भी खराब हो जाएगा।
टीकाराम जूली ने इस संबंध में कृषि मंत्री और अलवर जिला कलेक्टर से बातचीत कर तत्काल सर्वे कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि बीमा कंपनियां, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, राजस्व विभाग और कृषि विभाग की संयुक्त टीम द्वारा तुरंत नुकसान का आकलन किया जाए और प्रभावित किसानों को फसल खराबे के आधार पर शीघ्र मुआवजा दिया जाए।
इस दौरान उनके साथ पंडित सुरेश चंद शर्मा, सिद्धार्थ व्यास, नरेंद्र मीना, बी.एल. मीना, जगदीश मीना और हजारी मीना सहित कई लोग मौजूद रहे।