ShubhBhaskar
SHUBHBHASKAR
E Paper

गौरैया बचाओ: बाल पर्यावरण योद्धा श्रेया कुमावत की प्रेरक पहल ने जगाई नई उम्मीद

By Shubh Bhaskar · 20 Mar 2026 · 29 views
गौरैया बचाओ: बाल पर्यावरण योद्धा श्रेया कुमावत की प्रेरक पहल ने जगाई नई उम्मीद

शाहपुरा-राजेन्द्र खटीक।

शाहपुरा- विश्व गौरैया दिवस के अवसर पर एक अत्यंत प्रेरणादायक दृश्य देखने को मिला, जब बाल पर्यावरण योद्धा “ग्रीन लिटिल बेबी” के नाम से प्रसिद्ध श्रेया कुमावत ने मासूम बच्चों के साथ मिलकर गौरैया संरक्षण हेतु विशेष जागरूकता अभियान चलाया। इस सराहनीय पहल ने न केवल बच्चों में प्रकृति के प्रति प्रेम और जिम्मेदारी का भाव जगाया, बल्कि समाज को भी एक सशक्त संदेश दिया कि अब समय आ गया है जब हम सब मिलकर पर्यावरण संरक्षण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने उत्साहपूर्वक अपने हाथों से पक्षीघर (बर्ड हाउस), पानी के लिए परिंडे और दाने के लिए फीडर तैयार किए। विशेष बात यह रही कि इन फीडर को प्लास्टिक की बोतलों के पुनः उपयोग (रिसाइक्लिंग) से बनाया गया, जिससे पर्यावरण संरक्षण का दोहरा संदेश भी प्रसारित हुआ—एक ओर गौरैया के लिए सुरक्षित आश्रय, तो दूसरी ओर प्लास्टिक कचरे में कमी।
इस अवसर पर श्रेया कुमावत ने बताया कि गौरैया, जो कभी हर घर-आंगन की चहचहाहट का अभिन्न हिस्सा हुआ करती थी, आज धीरे-धीरे विलुप्ति की ओर बढ़ रही है। इसके पीछे पेड़ों की अंधाधुंध कटाई, तेजी से बढ़ता शहरीकरण, मोबाइल टावरों का रेडिएशन और बढ़ता प्रदूषण प्रमुख कारण हैं। उन्होंने सभी से आह्वान किया कि छोटे-छोटे प्रयासों के माध्यम से हम इस नन्हीं चिड़िया को पुनः अपने जीवन का हिस्सा बना सकते हैं।
इस आयोजन में भरतपुर की संस्था “सर्वे भवन्तु सुखिनः जियो और जीने दो” का उल्लेखनीय सहयोग रहा। संस्था की संस्थापक कविता सिंह ने प्रति वर्ष नि:शुल्क गौरैया घर उपलब्ध कराकर इस अभियान को सशक्त आधार प्रदान किया। उन्होंने श्रेया कुमावत के प्रयासों की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए एक अनुकरणीय पहल बताया। कार्यक्रम के अंत में बच्चों को पक्षीघर और फीडर वितरित किए गए तथा सभी से अपील की गई कि वे गर्मियों के मौसम में अपने घरों में पक्षियों के लिए दाना-पानी की व्यवस्था अवश्य करें, ताकि गौरैया को सुरक्षित आश्रय मिल सके और उसकी मधुर चहचहाहट फिर से वातावरण में गूंज उठे। कार्यक्रम का समापन एक प्रेरणादायक संकल्प के साथ हुआ- “जब हर घर बनेगा गौरैया का घर, तब फिर से गूंजेगी चहचहाहट हर डगर।”

More News

नशे के साम्राज्य पर कोटा ग्रामीण पुलिस का 'प्रहार': 5000 का इनामी अंतर्राज्यीय ड्रग तस्कर मम्मू गिरफ्तार।
शाहपुरा में भाजपा का स्वच्छता अभियान, वार्ड 18,19 में कार्यकर्ताओं ने किया श्रमदान
राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग ने भीलवाड़ा पुलिस को थमाया नोटिस, उत्पीड़न के आरोपों पर 15 दिन में मांगी रिपोर्ट आसपा के पूर्व प्रदेश सचिव पर मारपीट के आरोप पर भीलवाड़ा पुलिस अधीक्षक को थमाया नोटिस
डॉ अंबेडकर विचार मंच की कार्यकारिणी गठित,मेघवंशी अध्यक्ष ,रेगर उपाध्यक्ष बने
भाव शुद्ध तो घर का पानी भी गंगाजल, चरण उसके छुना जिसका आचरण अच्छा- पंडित प्रदीप मिश्रा
गौ सम्मान आह्वान अभियान बैठक का आयोजन
Share News

WhatsApp

X

Facebook

Telegram

Instagram

YouTube