बारहठ महाविद्यालय में राजस्थान दिवस सप्ताह का आयोजन
By Shubh Bhaskar ·
18 Mar 2026 ·
8 views
बारहठ महाविद्यालय में राजस्थान दिवस सप्ताह का आयोजन
शाहपुरा-राजेन्द्र खटीक
शाहपुरा-बारहठ महाविद्यालय में राजस्थान दिवस के उपलक्ष्य में रविवार को राष्ट्रीय सेवा योजना के तत्वावधान में विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. पुष्कर राज मीणा ने की। उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष से राजस्थान दिवस चैत्र शुक्ल प्रतिपदा को मनाने की परंपरा प्रारंभ हुई है। इसी क्रम में इस वर्ष भी 15 मार्च से 19 मार्च तक विभिन्न गतिविधियाँ आयोजित की जा रही हैं। रविवार होने के बावजूद प्रदेशभर के महाविद्यालयों में उत्साहपूर्वक कार्यक्रम संपन्न हुए। अध्यक्षीय संबोधन में प्राचार्य डॉ. पुष्कर राज मीणा ने राजस्थान दिवस की प्रासंगिकता एवं प्रदेश के गौरवशाली और वीरतापूर्ण इतिहास पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि राजस्थान की शौर्यगाथाएँ, त्याग की परंपरा और समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर समूचे राष्ट्र के लिए प्रेरणादायी हैं। साथ ही उन्होंने विद्यार्थियों को अपने इतिहास और संस्कृति से जुड़ाव बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के अंतर्गत महाविद्यालय में “राजस्थान को जाने” ऑनलाइन क्विज के पंजीकरण का शुभारंभ किया गया। इसके साथ ही “विकसित राजस्थान” विषय पर निबंध, चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताएँ आयोजित की गईं, जिनमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा और रचनात्मक अभिव्यक्ति का परिचय दिया। प्रभारी कार्यक्रम अधिकारी प्रो. नीरज शर्मा तथा कार्यक्रम अधिकारी प्रो. मुकेश कुमार मीणा के मार्गदर्शन में राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। भाषण प्रतियोगिता में सुनील पांडे ने प्रथम, खुशबू मीणा ने द्वितीय तथा खुशबू शर्मा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। निबंध प्रतियोगिता में निकिता चौहान प्रथम, गोविंद मोची द्वितीय और खुशबू मीणा तृतीय स्थान पर रहीं। चित्रकला प्रतियोगिता में पार्वती बलाई ने प्रथम, इन्द्र कुमार बैरवा ने द्वितीय तथा बजरंग लाल ने तृतीय स्थान अर्जित किया। इसी क्रम में “राजस्थान को जाने” क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें विद्यार्थियों से राजस्थान के सामान्य ज्ञान से संबंधित प्रश्न पूछे गए। इस प्रतियोगिता में कालूराम कुमावत ने प्रथम, पिंकी कुमारी धाकड़ ने द्वितीय तथा दिनेश गुर्जर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय सेवा योजना के जिला समन्वयक प्रो. धर्मनारायण वैष्णव, डॉ. रंजीत जगरिया, प्रो. प्रियंका ढाका, डॉ. दलवीर सिंह, प्रो. शशिकांत मीणा, प्रो. अजीत सिंह सहित महाविद्यालय के अन्य संकाय सदस्य एवं एनएसएस के स्वयंसेवक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में राजस्थान के इतिहास, संस्कृति एवं विकास के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना तथा उनमें गौरव और जिम्मेदारी की भावना को सुदृढ़ करना रहा।