विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण
By Shubh Bhaskar ·
18 Mar 2026 ·
7 views
विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण
नगर पालिका अध्यक्ष ने प्रमुख स्थलों का दौरा कर निर्माण कार्यों की प्रगति और मानकों की समीक्षा की
शुभ भास्कर उत्तर प्रदेश
सम्वाददाता संतोष कुमार
बलरामपुर।
आदर्श नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष डॉ. धीरेंद्र प्रताप सिंह ‘धीरू’ ने नगर में चल रहे विकास कार्यों का व्यापक स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न महत्वपूर्ण स्थलों पर पहुंचकर निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता और तकनीकी मानकों की गहन समीक्षा की।
निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना था कि सभी परियोजनाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप, पूर्ण पारदर्शिता के साथ और समयबद्ध तरीके से उच्च गुणवत्ता में पूर्ण हों।
अध्यक्ष ने झारखंडी सरोवर, रानी तालाब शिव मंदिर, श्री हनुमान मंदिर, चौक बाजार स्थित घंटाघर तथा बुद्धा पार्क (माया होटल के निकट) सहित कई निर्माणाधीन परियोजनाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्यों में प्रयुक्त सामग्री की गुणवत्ता और तकनीकी प्रक्रियाओं का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो।
डॉ. सिंह ने कहा कि नगर के विकास के साथ-साथ सांस्कृतिक और ऐतिहासिक धरोहरों का संरक्षण भी प्राथमिकता में शामिल है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनहित, विरासत संरक्षण और सतत विकास के प्रति नगर पालिका की प्रतिबद्धता अटल है।
निरीक्षण के दौरान अधिशासी अधिकारी लाल चंद्र मौर्य, डी.पी. सिंह, गुड्डू सिंह, बंटी सिंह, जेई (सिविल) अवनीश यादव, जेई (जल) धर्मेन्द्र गौड़, सफाई निरीक्षक दिवाकर पाण्डेय, राजस्व निरीक्षक राजेश कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
नगर पालिका द्वारा विकास कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग कर गुणवत्ता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।