ShubhBhaskar
SHUBHBHASKAR
E Paper

अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव के अंतर्गत नाथद्वारा में गीता सद्भावना यात्रा व गीता संगोष्ठी का आयोजन

By Shubh Bhaskar · 13 Mar 2026 · 22 views
अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव के अंतर्गत नाथद्वारा में गीता सद्भावना यात्रा व गीता संगोष्ठी का आयोजन


दैनिक शुभ भास्कर अश्विनी वालिया हरियाणा सरकार तथा कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड के सौजन्य से आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव के अंतर्गत 14 मार्च 2026 को राजस्थान के पावन तीर्थ स्थल नाथद्वारा में गीता सद्भावना यात्रा एवं गीता संगोष्ठी का भव्य आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम श्री अखिल भारतीय माहेश्वरी सेवा सदन, नाथद्वारा में आयोजित होगा, जिसमें देश के विभिन्न क्षेत्रों से आए विद्वान, संत-महात्मा, सामाजिक कार्यकर्ता एवं श्रद्धालु भाग लेंगे।

इस अवसर पर श्रीमद्भगवद्गीता की सार्वभौमिक प्रासंगिकता, मानव जीवन में उसके आदर्शों और वर्तमान समय में उसके संदेश की उपयोगिता पर विस्तृत विचार-विमर्श किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य गीता के पवित्र संदेश को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुँचाना तथा युवाओं को गीता के आदर्शों से प्रेरित करना है।

कार्यक्रम में गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद जी महाराज विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे और गीता पाठ के माध्यम से श्रद्धालुओं को श्रीमद्भगवद्गीता के दिव्य संदेश से अवगत कराएंगे। उनके द्वारा किया जाने वाला गीता पाठ कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण होगा, जिससे उपस्थित जनसमूह को आध्यात्मिक प्रेरणा प्राप्त होगी।

गीता सद्भावना यात्रा में हरिभाऊ किसनराव बागड़े, माननीय राज्यपाल राजस्थान मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे और अपने विचार व्यक्त करेंगे। वहीं वासुदेव देवनानी, माननीय अध्यक्ष राजस्थान विधानसभा गीता संगोष्ठी में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर गीता के महत्व पर अपने विचार रखेंगे।

कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड के मानद सदस्य अलकेश मौदगिल ने गीता की सार्वभौमिक प्रासंगिकता एवं मानव जीवन पर अपने विचार व्यक्त करते हुए बताया कि श्रीमद्भगवद्गीता केवल एक धार्मिक ग्रंथ ही नहीं, बल्कि संपूर्ण मानवता के लिए जीवन जीने की सर्वोत्तम मार्गदर्शिका है। गीता हमें कर्तव्य, नैतिकता, अनुशासन और जीवन में संतुलन बनाए रखने की प्रेरणा देती है। उन्होंने कहा कि आज के भौतिकवादी युग में गीता का संदेश और भी अधिक प्रासंगिक हो गया है, क्योंकि यह मानव को सही मार्ग पर चलने और सकारात्मक सोच के साथ जीवन जीने की प्रेरणा प्रदान करता है।

अलकेश मौदगिल ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव के माध्यम से गीता के इस दिव्य संदेश को देश ही नहीं बल्कि विश्व स्तर पर पहुँचाने का सराहनीय प्रयास किया जा रहा है। नाथद्वारा में आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम भी उसी श्रृंखला का महत्वपूर्ण भाग है, जिससे गीता के संदेश को समाज के अधिक से अधिक लोगों तक पहुँचाया जा सकेगा।

इस अवसर पर अलकेश मौदगिल ने हरियाणा सरकार तथा हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का विशेष रूप से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन और हरियाणा सरकार के सहयोग से अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव की परंपरा लगातार आगे बढ़ रही है और गीता के संदेश को राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रचारित करने का कार्य सफलतापूर्वक किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार द्वारा गीता के संदेश को जन-जन तक पहुँचाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं और इसी कड़ी में देश के विभिन्न राज्यों में भी गीता से संबंधित कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिससे लोगों को भारतीय संस्कृति, अध्यात्म और नैतिक मूल्यों के प्रति जागरूक किया जा सके।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नाथद्वारा में आयोजित होने वाले ये कार्यक्रम हरियाणा और राजस्थान के बीच सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक संबंधों को और अधिक मजबूत करेंगे तथा समाज में भाईचारा, सद्भाव और सकारात्मक सोच को बढ़ावा देंगे।

अंत में उन्होंने सभी श्रद्धालुओं, सामाजिक संगठनों तथा आमजन से अपील की कि वे इस कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर गीता के सार्वभौमिक संदेश को अपने जीवन में अपनाएं और समाज में शांति, सद्भाव तथा नैतिक मूल्यों को स्थापित करने में अपना योगदान दें।

More News

नशे के साम्राज्य पर कोटा ग्रामीण पुलिस का 'प्रहार': 5000 का इनामी अंतर्राज्यीय ड्रग तस्कर मम्मू गिरफ्तार।
शाहपुरा में भाजपा का स्वच्छता अभियान, वार्ड 18,19 में कार्यकर्ताओं ने किया श्रमदान
राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग ने भीलवाड़ा पुलिस को थमाया नोटिस, उत्पीड़न के आरोपों पर 15 दिन में मांगी रिपोर्ट आसपा के पूर्व प्रदेश सचिव पर मारपीट के आरोप पर भीलवाड़ा पुलिस अधीक्षक को थमाया नोटिस
डॉ अंबेडकर विचार मंच की कार्यकारिणी गठित,मेघवंशी अध्यक्ष ,रेगर उपाध्यक्ष बने
भाव शुद्ध तो घर का पानी भी गंगाजल, चरण उसके छुना जिसका आचरण अच्छा- पंडित प्रदीप मिश्रा
गौ सम्मान आह्वान अभियान बैठक का आयोजन
Share News

WhatsApp

X

Facebook

Telegram

Instagram

YouTube