अलवर जिले के राजगढ़– लक्ष्मणगढ़ विधानसभा में प्रशासनिक सुस्ती: वन विभाग में वर्षों से जमे अधिकारी, भ्रष्टाचार की आशंका।
By Shubh Bhaskar ·
12 Mar 2026 ·
7 views
अलवर जिले के राजगढ़– लक्ष्मणगढ़ विधानसभा में प्रशासनिक सुस्ती: वन विभाग में वर्षों से जमे अधिकारी, भ्रष्टाचार की आशंका।
*नागपाल शर्मा माचाड़ी की रिपोर्ट*
(माचाड़ीअलवर):- अलवर-अलवर जिले के राजगढ़-लक्ष्मणगढ़ विधानसभा क्षेत्र में वन विभाग की कार्यप्रणाली इन दिनों सवालों के घेरे में है। विभाग के कई अधिकारी और कर्मचारी लंबे समय से एक ही स्थान पर तैनात हैं, जिससे प्रशासनिक सुस्ती और पारदर्शिता पर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों और जानकारों का कहना है कि वर्षों तक एक ही क्षेत्र में तैनाती रहने से विभागीय कार्यप्रणाली प्रभावित होती है और भ्रष्टाचार की आशंका भी बढ़ जाती है।
विशेषज्ञों का मानना है कि किसी भी सरकारी विभाग में अधिकारियों और कर्मचारियों का समय-समय पर तबादला होना आवश्यक है,ताकि कार्यप्रणाली में पारदर्शिता बनी रहे और स्थानीय स्तर पर किसी प्रकार की सांठगांठ की संभावना कम हो। लेकिन वन विभाग में इस रोटेशन पॉलिसी की अनदेखी होने की चर्चा क्षेत्र में आम हो गई है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि कुछ प्रभावशाली कर्मचारी वर्षों से एक ही रेंज या जिले में जमे हुए हैं, जिसके कारण विभागीय व्यवस्था में नई कार्यशैली और जवाबदेही का अभाव दिखाई देता है। इससे वन क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
जनता अब राज्य सरकार और उच्च अधिकारियों से मांग कर रही है कि वन विभाग में लंबे समय से एक ही स्थान पर तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों की समीक्षा कर आवश्यकतानुसार तबादले किए जाएं, ताकि विभाग में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित हो सके।