किसानों से निर्धारित तौल से अधिक वसूली के विरोध में सीपीआई ने मंडी सचिव को सौंपा ज्ञापन।
By Shubh Bhaskar ·
11 Mar 2026 ·
12 views
किसानों से निर्धारित तौल से अधिक वसूली के विरोध में सीपीआई ने मंडी सचिव को सौंपा ज्ञापन।
*नागपाल शर्मा माचाड़ी की रिपोर्ट*
(माचाड़ीअलवर):-अलवर-
अलवर भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआई) ने जिला सचिव तेजपाल सैनी के नेतृत्व में कृषि उपज मंडी में व्यापारियों और आढ़तियों द्वारा किसानों से निर्धारित तौल से अधिक तौल लेने के विरोध में मंडी सचिव को ज्ञापन सौंपा। पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने किसानों की तौल में हो रही कथित लूट को तुरंत बंद करने की मांग की। जिला सचिव तेजपाल सैनी ने बताया कि कृषि उपज मंडी में जूट के खाली बारदाने का वास्तविक वजन लगभग 850 ग्राम होता है, लेकिन तौल के समय इसे ०1 किलोग्राम मानकर किसानों से उनकी उपज ली जाती है। उन्होंने कहा कि मंडी के कुछ आढ़तियों और व्यापारियों ने स्वयं स्वीकार किया है कि प्रति तौल लगभग 100 ग्राम अतिरिक्त लिया जाता है। मंडी में फसल आने के बाद हजारों कट्टों की तुलाई होती है, जिससे किसानों की कई क्विंटल उपज अतिरिक्त तौल में चली जाती है, जिसका उन्हें कोई भुगतान नहीं मिलता।
सैनी ने कहा कि किसान अपनी फसल तैयार करने के लिए दिन-रात मेहनत करता है। खेती के दौरान उसे समय पर बिजली, पानी और खाद जैसी मूलभूत सुविधाएं भी नहीं मिलतीं, साथ ही प्राकृतिक आपदाओं का सामना भी करना पड़ता है। इसके बावजूद जब किसान अपनी फसल मंडी में बेचने जाता है तो तुलाई में भी उसे नुकसान झेलना पड़ता है।
सीपीआई ने मंडी सचिव से मांग की कि बारदाने का वास्तविक वजन ही तौल में शामिल किया जाए और अतिरिक्त तुलाई की प्रथा तुरंत समाप्त की जाए। जिन आढ़तियों या व्यापारियों ने अतिरिक्त तौल ली है उनसे किसानों को उसका भुगतान दिलाया जाए। साथ ही समय-समय पर प्रशासन द्वारा मंडी के कांटों से फसल की तुलाई की जांच कराई जाए। मंडी में प्रमुख स्थानों पर साइन बोर्ड लगाकर किसानों को जानकारी दी जाए कि तौल उनके सामने ही होगी और अतिरिक्त तौल लेने की स्थिति में शिकायत किस अधिकारी से करनी है। साइन बोर्ड पर संबंधित अधिकारी के फोन नंबर भी अंकित किए जाएं।
मंडी सचिव ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि किसानों को नुकसान नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि सोमवार को किए गए निरीक्षण में कुछ स्थानों पर तौल में 200 से 300 ग्राम तक का अंतर पाया गया है, जिस पर संबंधित फर्मों को नोटिस जारी किए जा रहे हैं। आगे भी निरीक्षण की कार्यवाही जारी रखी जाएगी।
भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी ने किसानों से अपील की है कि वे अपनी उपज की वास्तविक तौल ही दें और यदि किसी आढ़ती या व्यापारी द्वारा अतिरिक्त तौल ली जाती है तो इसकी शिकायत तुरंत मंडी अधिकारियों से करें। जागरूक होकर ही किसान अपनी फसल का पूरा मूल्य प्राप्त कर सकते हैं।
इस दौरान पार्टी प्रतिनिधिमंडल में जिला सचिव तेजपाल सैनी के साथ राजकुमार बक्शी और मनमोहन सैनी भी मौजूद रहे।