ShubhBhaskar
SHUBHBHASKAR
E Paper

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर जिले की कालिका पेट्रोलिंग टीम को राज्य स्तर पर सम्मान।

By Shubh Bhaskar · 10 Mar 2026 · 69 views
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर जिले की कालिका पेट्रोलिंग टीम को राज्य स्तर पर सम्मान।

दैनिक शुभ भास्कर राजस्थान चित्तौड़गढ़ कैलाश चंद्र सेरसिया

राज्य स्तरीय कार्यक्रम में चित्तौड़गढ़ जिले की कालिका पेट्रोलिंग टीम में कार्यरत एक एएसआई व दो महिला कांस्टेबलों को उत्कृष्ट सेवाओं एवं उल्लेखनीय कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। यह सम्मान महिलाओं की सुरक्षा एवं सशक्तिकरण के क्षेत्र में उनके द्वारा किए जा रहे सराहनीय कार्यों के लिए प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में राजस्थान पुलिस के महानिदेशक श्री राजीव कुमार शर्मा तथा राजस्थान राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष श्रीमती विजय राहटकर द्वारा एएसआई श्यामा गुर्जर, महिला कांस्टेबल बीना एवं महिला कांस्टेबल आरती कुमावत को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर राज्य भर से विभिन्न जिलों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिला पुलिसकर्मियों को भी सम्मानित किया गया। जिला पुलिस अधीक्षक श्री मनीष त्रिपाठी ने बताया कि एएसआई श्यामा गुर्जर और महिला कांस्टेबल बीना वर्तमान में चित्तौड़गढ़ पुलिस की कालिका पेट्रोलिंग टीम में कार्यरत हैं और महिलाओं एवं छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सक्रिय रूप से कार्य कर रही हैं। कालिका पेट्रोलिंग टीम द्वारा नियमित रूप से स्कूल, कॉलेज, कोचिंग संस्थानों तथा भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में गश्त कर छात्राओं एवं महिलाओं को सुरक्षित वातावरण प्रदान करने का कार्य किया जाता है। इसके साथ ही टीम द्वारा महिलाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों तथा पुलिस द्वारा संचालित विभिन्न सुरक्षा एवं जागरूकता अभियानों की जानकारी भी दी जाती है। कालिका पेट्रोलिंग का मुख्य उद्देश्य स्कूल-कॉलेज जाने वाली छात्राओं, कामकाजी महिलाओं एवं आमजन को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना है। टीम द्वारा संवेदनशील स्थानों पर लगातार पेट्रोलिंग कर छेड़छाड़, उत्पीड़न एवं अन्य अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने का कार्य किया जा रहा है। इसके अलावा टीम समय-समय पर जन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर महिलाओं को हेल्पलाइन नंबरों, राजकोप एप तथा अन्य सुरक्षा साधनों के उपयोग के बारे में भी जागरूक करती है। चित्तौड़गढ़ पुलिस अधीक्षक ने इस उपलब्धि पर तीनो महिला कर्मियों को बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान पूरे जिले की पुलिस के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि चित्तौड़गढ़ पुलिस महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए लगातार प्रभावी कदम उठा रही है। कालिका पेट्रोलिंग जैसी पहल के माध्यम से छात्राओं एवं महिलाओं में सुरक्षा का विश्वास मजबूत हुआ है। इस सम्मान से चित्तौड़गढ़ पुलिस के जवानों का मनोबल बढ़ा है और भविष्य में भी पुलिस टीम इसी समर्पण और जिम्मेदारी के साथ आमजन, विशेष रूप से महिलाओं की सुरक्षा के लिए कार्य करती रहेगी।

More News

Share News

WhatsApp

X

Facebook

Telegram

Instagram

YouTube