अंतरजनपदीय दो शातिर चोर गिरफ्तार, 6 बाइक समेत भारी सामान बरामद
By Shubh Bhaskar ·
09 Mar 2026 ·
69 views
अंतरजनपदीय दो शातिर चोर गिरफ्तार, 6 बाइक समेत भारी सामान बरामद
चोरी की बाइक नेपाल में बेचने का करते थे खेल, पंचायत भवन व स्कूलों को भी बनाते थे निशाना
दैनिक शुभ भास्कर उत्तर प्रदेश सम्वाददाता संतोष कुमार
बलरामपुर।
जनपद के थाना पचपेड़वा क्षेत्र में हुई चोरी की घटनाओं का पुलिस ने सफल अनावरण करते हुए अंतरजनपदीय दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की 6 मोटरसाइकिल, 22 प्लास्टिक कुर्सियां, एक गैस सिलेंडर तथा 4400 रुपये नगद बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक विकास कुमार के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय व क्षेत्राधिकारी तुलसीपुर डॉ. जितेन्द्र कुमार के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक ओम प्रकाश चौहान के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार 8 मार्च 2026 को उपनिरीक्षक दिलीप कुमार सिंह अपनी टीम के साथ चोरी की मोटरसाइकिलों की तलाश में कस्बा पचपेड़वा के नई बाजार क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दो वाहन चोर चोरी की मोटरसाइकिल के साथ गैसड़ी से बढ़नी की ओर जा रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने सिद्धार्थनगर जनपद के ढेबरूआ थाना क्षेत्र के ग्राम मलगहिया के पास तुलसीपुर-बढ़नी मार्ग से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान मुस्ताक उर्फ भुर्रे पुत्र अब्दुल मजीद तथा मो. जुबेर उर्फ बादशाह पुत्र मोहम्मद मुस्तफा उर्फ नूर आलम निवासी ग्राम रजडेरवा थाना गैसड़ी जनपद बलरामपुर के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे बलरामपुर सहित आसपास के जनपदों से मोटरसाइकिल चोरी कर उनका नंबर प्लेट बदल देते थे और बाद में नेपाल में बेच देते थे। चोरी की मोटरसाइकिलों का उपयोग कर वे स्कूलों, पंचायत भवनों और बंद पड़े मकानों की रेकी कर चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हीरो सुपर स्प्लेंडर, होंडा सीबी शाइन, हीरो होंडा स्प्लेंडर, हीरो सीडी डीलक्स, टीवीएस स्पोर्ट और बजाज पल्सर समेत कुल छह मोटरसाइकिल, 22 प्लास्टिक कुर्सियां, एक भारत गैस सिलेंडर और 4400 रुपये नगद बरामद किए हैं।
दोनों आरोपियों के खिलाफ बलरामपुर के विभिन्न थानों में चोरी सहित कई गंभीर मामलों में मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को न्यायालय के लिए रवाना कर दिया है।