ShubhBhaskar
SHUBHBHASKAR
E Paper

मुख्यमंत्री रोजगार महोत्सव में 454 नवचयनित कार्मिकों को नियुक्ति पत्र प्रदान*

By Shubh Bhaskar · 28 Feb 2026 · 88 views
*मुख्यमंत्री रोजगार महोत्सव में 454 नवचयनित कार्मिकों को नियुक्ति पत्र प्रदान*

दैनिक शुभ भास्कर राजस्थान चित्तौड़गढ़ कैलाश चंद्र सेरसिया

राज्य सरकार के निर्देशानुसार जिला स्तरीय मुख्यमंत्री रोजगार महोत्सव का आयोजन शनिवार को शहर के इंदिरा गांधी प्रियदर्शनी ऑडिटोरियम में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। जिला स्तरीय कार्यक्रम का शुभारंभ जिला कलक्टर आलोक रंजन एवं अन्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।

कार्यक्रम का सीधा प्रसारण अजमेर से किया गया, जिसमें देश के माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी तथा राजस्थान के माननीय मुख्यमंत्री श्री भजन लाल शर्मा ने युवाओं को संबोधित किया। प्रदेश स्तर पर 21,800 कार्मिकों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए।

इसी क्रम में चित्तौड़गढ़ जिले में विभिन्न विभागों में कुल 454 नव चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। जिले में पंचायत राज विभाग में सहायक अकाउंटेंट (2) एवं जूनियर टेक्निकल (46), चिकित्सा विभाग में सीएचओ (100), लैब टेक्नीशियन (56) एवं महिला हेल्थ वर्कर (6), राजकीय मेडिकल सेवाओं में 110 कार्मिक, कौशल नियोजन विभाग में 1, वन विभाग में 1, जल संसाधन विभाग में 1, खान एवं भूविज्ञान विभाग में 1, पशुपालन विभाग में 15, डिपार्टमेंट ऑफ स्किल में 2, राजस्व विभाग में 99 पटवारी, माध्यमिक शिक्षा विभाग में 2, संस्कृत शिक्षा विभाग में 1, स्थानीय स्वशासन विभाग में 1 तथा कृषि विभाग में 1 कार्मिकों को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला कलक्टर आलोक रंजन ने नव नियुक्त कार्मिकों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय में सरकारी सेवा प्राप्त करना अत्यंत गौरव एवं जिम्मेदारी का विषय है। उन्होंने कहा कि परिवारों के त्याग, परिश्रम एवं मार्गदर्शन से प्राप्त इस अवसर को जनसेवा के माध्यम से सार्थक बनाना आवश्यक है। प्रत्येक कर्मचारी, चाहे वह सहायक स्तर पर हो अथवा अधिकारी स्तर पर, शासन व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी है। सेवा के दौरान ईमानदारी, निष्ठा एवं कर्तव्यपरायणता के साथ कार्य करते हुए उच्च पदों तक भी पहुंचा जा सकता है।

जिला कलक्टर ने सभी नव नियुक्त कार्मिकों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए आमजन के प्रति संवेदनशील एवं जवाबदेह रहकर कार्य करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में अतिरिक्त जिला कलेक्टर (प्रशासन) प्रभा गौतम, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी विनय पाठक, अतिरिक्त जिला कलक्टर रामचंद्र खटीक, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी राकेश पुरोहित, सहित, मुख्य चिकित्सा अनुशासन अधिकारी डॉक्टर ताराचंद गुप्ता, वाइस प्रिंसिपल डॉक्टर अनीश जैन सहित जिला स्तरीय अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का आभार मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. प्रमोद तिवारी ने व्यक्त किया तथा संचालन पारस टेलर द्वारा किया गया। इस अवसर पर नव नियुक्त कार्मिकों ने भी अपने विचार व्यक्त किए।

More News

Share News

WhatsApp

X

Facebook

Telegram

Instagram

YouTube