जिले में पान मसाला, गुटखा और सिगरेट की कीमतों पर बवाल MRP से ज्यादा वसूली पर भड़की जनता, प्रशासन से कार्रवाई की मांग
By Shubh Bhaskar ·
27 Feb 2026 ·
13 views
जिले में पान मसाला, गुटखा और सिगरेट की कीमतों पर बवाल
MRP से ज्यादा वसूली पर भड़की जनता, प्रशासन से कार्रवाई की मांग
दैनिक शुभ भास्कर उत्तर प्रदेश ब्यूरो चीफ संतोष कुमार बलरामपुर जनपद में इन दिनों पान मसाला, गुटखा और सिगरेट की कीमतों को लेकर बाजार में भारी असंतोष देखा जा रहा है। उपभोक्ताओं का आरोप है कि कई दुकानदार और होलसेलर पैकेट पर अंकित अधिकतम खुदरा मूल्य MRP से काफी अधिक कीमत पर उत्पाद बेच रहे हैं, जिससे आम जनता आर्थिक शोषण का सामना कर रही है।
जानकारी के अनुसार, “कमला पसंद” पान मसाला का एक पाउच, जिस पर ₹156 मूल्य अंकित है, बाजार में ₹240 तक बेचा जा रहा है। इसी तरह कई ब्रांड के गुटखा, जिनकी कीमत में कंपनी द्वारा कोई आधिकारिक वृद्धि नहीं की गई, ₹90 से ₹100 प्रति पाउच तक बेचे जा रहे हैं।
सिगरेट के मामले में भी उपभोक्ताओं ने अनियमितता की शिकायत की है। एक डिब्बी जिस पर ₹38 मूल्य अंकित है, उसे होलसेल स्तर पर ₹45 में सप्लाई किए जाने और खुदरा दुकानों पर एक-एक सिगरेट ₹6 में बेचने की बात सामने आई है।कानून के अनुसार किसी भी पैक्ड वस्तु को MRP से अधिक कीमत पर बेचना दंडनीय अपराध है और इसे अनुचित व्यापार व्यवहार माना जाता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि कंपनी ने मूल्य नहीं बढ़ाया है तो अतिरिक्त वसूली सीधा कानून का उल्लंघन है।
नागरिकों ने आरोप लगाया है कि कुछ व्यापारी कृत्रिम कमी पैदा कर कीमतें बढ़ा रहे हैं, जो कालाबाजारी की श्रेणी में आ सकता है।
जनता ने जिला प्रशासन, विधिक माप विज्ञान विभाग और संबंधित अधिकारियों से तत्काल बाजार की जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो उपभोक्ताओं का शोषण लगातार जारी रहेगा।