नाचते-गाते भक्तों के साथ नगर भ्रमण पर निकले बाबा श्याम, पुष्प वर्षा कर किया स्वागत।
By Shubh Bhaskar ·
27 Feb 2026 ·
22 views
नाचते-गाते भक्तों के साथ नगर भ्रमण पर निकले बाबा श्याम, पुष्प वर्षा कर किया स्वागत।
*नागपाल शर्मा माचाड़ी की रिपोर्ट*
(माचाड़ीअलवर):-राजगढ़- फाल्गुन एकादशी के पावन अवसर पर राजगढ़ कस्बे में भक्ति और उल्लास का अनूठा संगम देखने को मिला। बाबा श्याम सैकड़ों श्रद्धालुओं के साथ भव्य नगर भ्रमण पर निकले। कारोठ रोड स्थित भारतीय विद्या पीठ सीनियर सेकेंडरी स्कूल से विधिवत पूजा-अर्चना के पश्चात बाबा श्याम रथ में विराजमान होकर डीजे की धुन पर नगर भ्रमण के लिए रवाना हुए।
सैकड़ों बच्चों और श्रद्धालुओं ने हाथों में निशान लेकर “हारे का सहारा, बाबा श्याम हमारा” और “जय श्री श्याम” के जयकारों के साथ नाचते-गाते यात्रा में भाग लिया। डीजे पर बजते भजनों की धुन पर श्रद्धालु झूमते हुए चल रहे थे, जिससे पूरा नगर भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया। मंदिर महंत एडवोकेट मदनमोहन शास्त्री तथा हारे का सहारा मित्र मंडल के राजकुमार गुप्ता और मनीष गुप्ता ने श्रमजीव पत्रकार संघ के तहसील उपाध्यक्ष नागपाल शर्मा को बताया कि निशान यात्रा बस स्टैंड, पटायरी की डूंगरी, मेला का चौराहा, सराय बाजार और गोल सर्किल होते हुए चौपड़ बाजार स्थित श्री जगन्नाथ मंदिर पहुंची। यात्रा के दौरान जगह-जगह श्रद्धालुओं द्वारा पुष्प वर्षा, इत्र वर्षा एवं गुलाल वर्षा कर भव्य स्वागत किया गया। मंदिर पहुंचने पर महाआरती का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। महाआरती के पश्चात प्रसाद वितरण किया गया।
*कोलकाता के फूलों से हुआ अलौकिक श्रृंगार*
चौपड़ बाजार स्थित श्री जगन्नाथ मंदिर में विराजमान खाटूश्यामजी का कोलकाता से मंगवाए गए विशेष फूलों से अलौकिक श्रृंगार किया गया। बाबा श्याम को नवीन पोशाक धारण करवाई गई। मंदिर परिसर को आकर्षक रोशनी एवं रंग-बिरंगी लाइटों से सजाया गया, जिससे मंदिर की छटा देखते ही बन रही थी।
कार्यक्रम में दिनेश सैन,मनीष गुप्ता,मुकुल बड़ाया,महेश पाबूवाल,राकेश सैनी,लोकेश जैन,पूर्णिमा सैन,सरोज सैनी, पवन पटवा,लोकेश साहू,ममता गुप्ता,मोनिका विजय सहित सैकड़ों महिला-पुरुष श्रद्धालु उपस्थित रहे। वहीं दूसरी ओर माचाड़ी कस्बे के बस स्टैंड पर स्थित महादेव मंदिर पर महिलाओं द्वारा भजन कीर्तन के साथ फाग उत्सव मनाया गया।