भीलवाड़ा के फिल्म अभिनेता देव राव का फोन हैक, एआई से बनी अश्लील फोटोज से ठगी का प्रयास; (मुंबई में संघर्षरत कलाकार ने दी चेतावनी)
By Shubh Bhaskar ·
25 Feb 2026 ·
31 views
भीलवाड़ा के फिल्म अभिनेता देव राव का फोन हैक, एआई से बनी अश्लील फोटोज से ठगी का प्रयास;
(मुंबई में संघर्षरत कलाकार ने दी चेतावनी)
शाहपुरा-राजेन्द्र खटीक।
भीलवाड़ा-भीलवाड़ा जिले के खजुरिया क्षेत्र के मूल निवासी और मुंबई में फिल्मों में फोटोग्राफी एवं अभिनय के क्षेत्र में सक्रिय देव राव का मोबाइल फोन साइबर हैकर्स के कब्जे में चला गया। हैकर्स ने एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) टेक्नोलॉजी का दुरुपयोग कर उनके मित्रों एवं परिवार की महिलाओं की नग्न एवं अश्लील फोटोज तैयार कीं और इन्हें व्हाट्सएप ग्रुप्स तथा परिचितों के मोबाइल पर भेज दिया। साथ ही कुछ नंबरों पर पैसे की मांग भी की गई।
जानकारी मिलते ही देव राव ने तुरंत एक मैसेज ग्रुप में शेयर कर सभी परिचितों को सावधान किया कि उनके फोन से कोई भी संदेश या फोटो आए तो उस पर भरोसा न करें, क्योंकि उनका अकाउंट हैक हो चुका है।
देव राव मुंबई में बॉलीवुड एवं अन्य फिल्म प्रोजेक्ट्स में काम करते हैं। वह लंबे समय से कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे हैं और इलाज के साथ-साथ अपने करियर को संभालने का संघर्ष कर रहे हैं। इस घटना ने उन्हें मानसिक रूप से काफी परेशान किया है।
मुम्बई पुलिस ने मोबाइल जब्त कर लिया है देव राव उनकी निगरानी में हैं और मामले की जाँच कर रहे है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, इस तरह की एआई आधारित डीपफेक/फेक फोटो वाली ठगी के मामले बढ़ रहे हैं। देव राव ने इसकी शिकायत स्थानीय पुलिस थाने में दर्ज कराई है और साइबर सेल से जांच की मांग की है।
देव राव ने अपील की है "सभी दोस्तों और परिचितों से निवेदन है कि मेरे या मेरे परिवार के नाम से आने वाले किसी भी संदेश, फोटो या पैसे मांगने वाले मैसेज पर ध्यान न दें। यह पूरी तरह फर्जी है। कृपया सतर्क रहें और साइबर क्राइम से बचाव के लिए दो-फैक्टर ऑथेंटिकेशन चालू रखें।"
यह घटना एक बार फिर साइबर सुरक्षा की आवश्यकता पर बल देती है, खासकर जब एआई टूल्स का दुरुपयोग बढ़ रहा है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और जल्द ही हैकर्स तक पहुंचने का दावा किया है।