नवीन स्कूल में खेल मैदान का सपना अधूरा, 10 महीने में 10 इंच भी काम नहीं।
By Shubh Bhaskar ·
25 Feb 2026 ·
16 views
नवीन स्कूल में खेल मैदान का सपना अधूरा, 10 महीने में 10 इंच भी काम नहीं।
*नागपाल शर्मा माचाड़ी की रिपोर्ट*
(माचाड़ीअलवर):-अलवर- अलवर शहर के नवीन स्कूल में प्रस्तावित नए खेल मैदान, रनिंग ट्रैक और हॉकी एस्ट्रोटर्फ निर्माण की घोषणा को दस महीने बीत चुके हैं, लेकिन धरातल पर अब तक कोई ठोस प्रगति दिखाई नहीं दे रही है। घोषणा के समय यह योजना अखबारों की सुर्खियां बनी थी और शहर में खेल विकास को लेकर बड़े-बड़े दावे किए गए थे, मगर वर्तमान हालात निराशाजनक नजर आ रहे हैं।
स्थानीय लोगों और खिलाड़ियों का कहना है कि दस महीने बीत जाने के बावजूद मैदान में काम शुरू होने के स्पष्ट संकेत तक दिखाई नहीं दे रहे। स्थिति यह है कि “10 महीने में 10 इंच भी काम आगे नहीं बढ़ा” — यह बात अब चर्चा का विषय बन चुकी है।
अलवर शहर, जो मैराथन और अन्य खेल आयोजनों में अपनी पहचान बना चुका है, विकास की इस दौड़ में आखिर पीछे क्यों रह गया, यह सवाल खिलाड़ियों और अभिभावकों के मन में लगातार उठ रहा है। जिन युवाओं को बेहतर रनिंग ट्रैक और आधुनिक हॉकी एस्ट्रोटर्फ की सुविधा मिलने की उम्मीद थी, उनके सपने फिलहाल कागज़ों में ही दौड़ते नजर आ रहे हैं, जबकि मैदान अब भी सूना और उपेक्षित पड़ा है।
घोषणा के समय विकास की गंगा बहने के दावे किए गए थे और सोशल मीडिया पर भी इसे लेकर खूब प्रचार-प्रसार हुआ था। लेकिन अब सवाल यह उठता है कि जितनी तेजी से खबरें वायरल हुईं, उतनी ही तेजी से ज़मीन पर काम क्यों शुरू नहीं हो सका?
खिलाड़ियों और अभिभावकों ने प्रशासन से मांग की है कि परियोजना की वर्तमान स्थिति सार्वजनिक की जाए तथा निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ कर समयबद्ध रूप से पूरा किया जाए, ताकि शहर के युवाओं को आधुनिक खेल सुविधाएं मिल सकें और उनका भविष्य सुरक्षित हो सके।