ShubhBhaskar
SHUBHBHASKAR
E Paper

बाबा मस्तनाथ मठ में तीन दिवसीय वार्षिक मेले का शुभारंभ, श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़। फूलों और रोशनी से सजा मठ परिसर, संतों के सान्निध्य में हुआ भव्य आगाज़।

By Shubh Bhaskar · 23 Feb 2026 · 34 views
बाबा मस्तनाथ मठ में तीन दिवसीय वार्षिक मेले का शुभारंभ, श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़।
फूलों और रोशनी से सजा मठ परिसर, संतों के सान्निध्य में हुआ भव्य आगाज़।

*नागपाल शर्मा माचाड़ी की रिपोर्ट*

(माचाड़ीअलवर):- रोहतक- सिद्ध शिरोमणि बाबा मस्तनाथ जी की पुण्य स्मृति में अस्थल बोहर स्थित बाबा मस्तनाथ मठ में सोमवार प्रातः तीन दिवसीय वार्षिक मेले का विधिवत शुभारंभ हुआ। 23 से 25 फरवरी तक आयोजित इस धार्मिक मेले के पहले ही दिन हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही समाधि मंदिर के बाहर लंबी कतारें लगी रहीं और श्रद्धालु मत्था टेककर सुख-समृद्धि की कामना करते नजर आए।
मेले की शुरुआत तड़के करीब ०5 बजे विशेष पूजा-अर्चना और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुई। मठ के गद्दीनशीन महंत बालकनाथ योगी ने विधिवत आरती कर मेले का शुभारंभ किया। “जय बाबा मस्तनाथ” के जयकारों से पूरा परिसर गूंज उठा। आरती के उपरांत श्रद्धालुओं के लिए दर्शन व्यवस्था प्रारंभ की गई, जहां दिनभर आस्था का सिलसिला जारी रहा। सायंकाल भव्य भजन-कीर्तन और आरती का आयोजन हुआ, जिसमें देर रात तक भक्तगण जुटे रहे।
मेले के अवसर पर मठ परिसर को फूलों, तोरण द्वारों और आकर्षक झांकियों से सजाया गया है। समाधि मंदिर को सुगंधित पुष्पों और दीपमालाओं से अलंकृत किया गया। शाम होते ही रंगीन रोशनी से जगमगाता परिसर श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बना रहा। पूरा वातावरण भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा से ओत-प्रोत दिखाई दिया।
नागा साधुओं सहित नाथ संप्रदाय के संत-महंतों की उपस्थिति ने आयोजन को विशेष गरिमा प्रदान की। प्रवचन सत्र में संतों ने बाबा मस्तनाथ जी के तप, त्याग और समाज सेवा के कार्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उनके प्रेरणादायी विचारों को सुन श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे।
इस अवसर पर जूना अखाड़ा के आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरी ने समाधि मंदिर में दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल, नारनौल के विधायक ओम प्रकाश यादव तथा चंडीगढ़ के पुलिस महानिदेशक सागर प्रीत हुड्डा भी मेले में पहुंचे और पूजा-अर्चना की।
पुलिस महानिदेशक सागर प्रीत हुड्डा ने मठ परिसर का भ्रमण किया। इस दौरान महंत बालकनाथ योगी ने उन्हें श्री बाबा मस्तनाथ रेजिडेंशियल सैनिक स्कूल तथा बाबा मस्तनाथ विश्वविद्यालय के विभिन्न संकायों, विशेषकर फार्मेसी विभाग की जानकारी दी। उन्होंने शैक्षणिक गतिविधियों का अवलोकन किया। इसके पश्चात मठ परिसर स्थित नेत्र चिकित्सालय में आधुनिक उपकरणों से सुसज्जित नए ऑपरेशन थिएटर का विधिवत उद्घाटन किया गया, जिसे क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
मेले के तीनों दिन विशाल भंडारे की व्यवस्था की गई है। श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण के साथ पेयजल, चिकित्सा सहायता एवं सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए हैं। प्रशासन और मठ प्रबंधन की ओर से भीड़ नियंत्रण हेतु विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं, ताकि किसी भी श्रद्धालु को असुविधा न हो।
महंत बालकनाथ योगी ने कहा कि यह मेला केवल धार्मिक परंपरा नहीं, बल्कि सेवा, संस्कार और सामाजिक एकता का प्रतीक है। उन्होंने श्रद्धालुओं से अनुशासन बनाए रखने और कार्यक्रमों में सक्रिय सहभागिता की अपील की।
तीन दिवसीय यह धार्मिक आयोजन 25 फरवरी तक जारी रहेगा। आगामी दिनों में संत प्रवचन, विशेष धार्मिक अनुष्ठान एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। बढ़ती श्रद्धालु संख्या के साथ मठ परिसर में उत्सव जैसा माहौल बना हुआ है। श्रमजीवी पत्रकार संघ के तहसील उपाध्यक्ष नागपाल शर्मा माचाड़ी को यह जानकारी देशबंधु जोशी द्वारा दी गई।

More News

Share News

WhatsApp

X

Facebook

Telegram

Instagram

YouTube