प्रशासन को 24 घंटे का अल्टीमेटम, सड़क निर्माण शुरू नहीं हुआ तो होगा जन आंदोलन
By Shubh Bhaskar ·
20 Feb 2026 ·
109 views
प्रशासन को 24 घंटे का अल्टीमेटम, सड़क निर्माण शुरू नहीं हुआ तो होगा जन आंदोलन
शाहपुरा-राजेन्द्र खटीक।
शाहपुरा। शहर के मुख्य बाजार की जर्जर सड़क को लेकर अब राजनीतिक गर्माहट बढ़ने लगी है। नगर कांग्रेस कमेटी शाहपुरा ने प्रशासन को 24 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी है कि यदि सदर बाजार की क्षतिग्रस्त सड़क का निर्माण कार्य शीघ्र शुरू नहीं किया गया तो नगर में व्यापक जन आंदोलन किया जाएगा।
नगर कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष रमेश सेन के नेतृत्व में एक सप्ताह पूर्व एडीएम के नाम तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा गया था। ज्ञापन में मुख्य मांग सदर बाजार की जर्जर सड़क का तत्काल निर्माण करवाने की थी। इस दौरान तहसीलदार ने पीएचईडी विभाग के अधिकारियों से चर्चा कर एक सप्ताह में कार्य शुरू कराने का आश्वासन दिया था।
हालांकि एक सप्ताह बीत जाने के बावजूद निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं हुआ। इसे लेकर नगर कांग्रेस ने कड़ी नाराजगी जताई है।
रमेश सेन ने कहा कि यदि आगामी 24 घंटे के भीतर सड़क निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया तो नगर कांग्रेस व्यापारियों के सहयोग से शाहपुरा बंद करवाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि उत्पन्न होने वाली किसी भी स्थिति की संपूर्ण जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
इस अवसर पर नगर पालिका के पूर्व उपाध्यक्ष नमन ओझा, नगर उपाध्यक्ष सुनील मिश्रा, नगर महामंत्री ओम सिंधी, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष ओमप्रकाश जाट, सेवादल ब्लॉक अध्यक्ष जयंत जीनगर एवं युवा नेता शाहरुख खान भीमपुरा सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।